नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच जारी व्यापार वार्ता के बीच दोनों देशों के व्यापारिक आंकड़े चर्चा में हैं। अमेरिका को भारत का निर्यात 11 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि अमेरिका से भारत का आयात 26 प्रतिशत बढ़ने की खबर है। इन आंकड़ों से दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों में तेजी का संकेत मिलता है।
अमेरिका को भारत का निर्यात में 11 एवं आयात में 26 प्रतिशत की वृद्धि
इस संदर्भ में वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा गुरुवार 15, अक्टूबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान टैरिफ से जुड़ी बाधाओं के बावजूद, अमेरिका को भारत का माल निर्यात 11.1 प्रतिशत बढ़कर 50.81 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जबकि अमेरिका से आयात में 26 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
अनिश्चितताओं के बावजूद दोनों देशों के बीच व्यापार विस्तार जारी
पिछले साल की इसी अवधि में अमेरिका को निर्यात 45.73 अरब अमेरिकी डॉलर था, जबकि आयात 25.66 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 32.33 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। ये आंकड़े बताते हैं कि टैरिफ को लेकर अनिश्चितताओं के बावजूद दोनों देशों के बीच व्यापार का विस्तार जारी रहा, हालांकि अमेरिका के साथ भारत का व्यापार अधिशेष (ट्रेड सरप्लस) एक साल पहले के 20.07 अरब अमेरिकी डॉलर से घटकर 18.48 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया।