देहरादून: पर्यटन नगरी मसूरी में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए परिवहन विभाग ने सख्ती की तैयारी कर ली है। फेस्टिवल सीजन को देखते हुए मसूरी में अवैध पार्किंग और नियमों के खिलाफ संचालित हो रही रेंटल बाइकों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से कल से तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
देहरादून की आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि मसूरी के शहरी क्षेत्र में यह अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में खड़े निजी वाहनों और यातायात बाधित करने वाली रेंटल बाइकों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें: बिहार: मशरक में वाहन दिलाने के नाम पर 300 लोगों से ठगी का आरोप, लाखों रुपये लेकर कंपनी फरार!
निजी नंबर प्लेट पर व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई
डॉ. अनीता चमोला के मुताबिक, लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई रेंटल बाइक संचालक निजी नंबर प्लेट वाले वाहनों का व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा कई वाहनों के दस्तावेज और फिटनेस संबंधी कागजात भी अधूरे हैं।
जांच के दौरान बिना हेलमेट बाइक किराए पर देने और निर्धारित स्थान के बजाय दूसरे स्थानों से रेंटल बाइक का संचालन करने जैसी अनियमितताएं भी सामने आई हैं। इन नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन तक चलेगा चेकिंग अभियान
परिवहन विभाग का यह विशेष अभियान तीन दिनों तक चलेगा। इसका उद्देश्य मसूरी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, अवैध पार्किंग पर रोक लगाना और नियमों के विरुद्ध संचालित रेंटल बाइक सेवाओं पर नियंत्रण करना है।
फेस्टिवल सीजन में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ मसूरी की सड़कों पर यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। ऐसे में परिवहन विभाग की इस कार्रवाई को यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट: आकाश
यह भी पढ़ें: डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा जसपुर का सरकारी अस्पताल, मरीजों की बढ़ती भीड़ से बढ़ी परेशानी