देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, 11 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में भारी से मूसलाधार बारिश की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम की इस स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे तटीय राज्यों में समुद्र की स्थिति खराब होने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है।
21 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, 11 अक्टूबर को महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, झारखंड, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, सिक्किम, नगालैंड, मिजोरम, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा में मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई है। इन राज्यों के अलग-अलग इलाकों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हालांकि, बारिश की तीव्रता और हवा की गति अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रह सकती है।
दिल्ली में हल्की बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 अक्टूबर को हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 11 अक्टूबर को हल्की से लेकर बहुत तेज बारिश होने की आशंका है। लखीमपुर खीरी, सोनभद्र, हरदोई, बहराइच, सीतापुर, प्रयागराज, बदायूं, ललितपुर, झांसी, रायबरेली, गाजियाबाद, कानपुर, आगरा, मेरठ, वाराणसी और गोरखपुर में मौसम बिगड़ सकता है। इन इलाकों में बारिश के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, रोहतास, मधुबनी, कैमूर, औरंगाबाद, पूर्णिया, पटना, मुजफ्फरपुर, जमुई, कटिहार, समस्तीपुर, सारण और सुपौल में बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में 50 किमी/घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। छिंदवाड़ा, शिवपुरी, सागर, बैतूल, बालाघाट, छतरपुर, रायसेन, धार, डिंडोरी, विदिशा, दमोह, देवास, श्योपुर, सीहोर और गुना में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
राजस्थान में 75 किमी/घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
राजस्थान में 11 अक्टूबर को कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, नागौर, चूरू, पाली, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, जालौर, उदयपुर, अजमेर, अलवर, सीकर और बांसवाड़ा-बारां क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। जयपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लाहौल-स्पीति, चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, मंडी, सिरमौर, सोलन, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लगातार बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। शिमला में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चंपावत में बारिश की चेतावनी है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी जिलों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक जलभराव जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
खराब मौसम का असर तटीय इलाकों में भी पड़ सकता है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु समेत कुछ तटीय राज्यों में मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है। आंधी-तूफान के दौरान समुद्र में तेज लहरें और प्रतिकूल परिस्थितियां जोखिम बढ़ा सकती हैं।
खराब मौसम में बरतें सावधानी
बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए। गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज बारिश में जलभराव वाले रास्तों से गुजरने से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से पहले सड़क और मौसम की स्थिति की जानकारी लें। स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ताजा सलाह का पालन करें।
ये भी पढ़ें- नवरात्रि के पहले दिन करें मां शैलपुत्री की पूजा, जानें पूजन विधि, मंत्र, भोग और व्रत कथा