होंडा कार्स इंडिया ने अपनी आने वाली इलेक्ट्रिक SUV Honda Alpha के एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन की पहली झलक दिखा दी है। बता दें कि कंपनी की ओर से जारी तस्वीरों में इस नई इलेक्ट्रिक SUV का लुक और केबिन काफी हद तक सामने आ गया है। इसका ग्लोबल प्रीमियर 2 दिसंबर 2026 को भारत में होगा। खास बात यह है कि Honda Alpha कंपनी की पहली मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक SUV होगी।

Honda Alpha का एक्सटीरियर कैसा होगा?

Honda Alpha का एक्सटीरियर डिजाइन की बात करें तो इसमें फ्रंट लुक काफी आकर्षक और मॉडर्न है। इसके आगे की तरफ चौड़ा डिजाइन दिया गया है, जिसके बीच में नया H लोगो लगा हुआ है। इसके आसपास डार्क पैनल देखने को मिलता है। फ्रंट में पतली LED लाइट स्ट्रिप दी गई है, जो दोनों तरफ के खास लाइटिंग एलिमेंट्स से जुड़ी हुई है।

SUV के निचले हिस्से में अलग डिजाइन का बंपर और हॉरिजॉन्टल ओपनिंग्स दी गई हैं। बता दें कि फोटो में देखकर लग रहा है कि बोनट भी काफी सादा और साफ डिजाइन वाला है। वहीं, बड़े व्हील आर्च और बॉडी पर दी गई डार्क क्लैडिंग इसे एक दमदार SUV वाला लुक देती है।

इसके अलावा, इसमें बड़े ज्योमेट्रिक डिजाइन वाले अलॉय व्हील देखने को मिलते हैं। साइड से देखने पर इसकी छत पीछे की तरफ थोड़ी ढलान वाली नजर आती है। वहीं, पीछे की विंडो लाइन को ऊपर की तरफ रखा गया है। SUV में डार्क रूफ और पिलर्स दिए गए हैं, जिससे इसका लुक और भी स्टाइलिश बनता है।

दरवाजों पर उभरा हुआ डिजाइन दिया गया है। आगे के दरवाजों में फ्लश डोर हैंडल मिलते हैं, जबकि पीछे के दरवाजों के हैंडल खिड़की के पास ऊपर की तरफ लगाए गए हैं। इसके साथ ही कंपनी ने इसमें सामान्य साइड मिरर दिए हैं।

Honda Alpha का इंटीरियर और फीचर्स

इंटीरियर की बात करें तो Honda Alpha का केबिन भी काफी मॉडर्न नजर आता है। इसके डैशबोर्ड पर नया डिजाइन देखने को मिलेगा। ड्राइवर के सामने डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जबकि डैशबोर्ड के बीच में बड़ी टचस्क्रीन लगाई गई है।

इसमें दो-स्पोक वाला मल्टीफंक्शन स्टीयरिंग व्हील मिलता है, जिस पर Honda का नया H लोगो दिया गया है। टचस्क्रीन में Apple CarPlay और Android Auto जैसे स्मार्टफोन कनेक्टिविटी फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

डैशबोर्ड के नीचे क्लाइमेट कंट्रोल के लिए अलग बटन दिए गए हैं। केबिन में डार्क और लाइट कलर का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा, डैशबोर्ड से लेकर दरवाजों तक नीले रंग की एम्बिएंट लाइटिंग दी गई है, जो रात के समय केबिन को प्रीमियम लुक दे सकती है।

इसका सेंटर कंसोल भी काफी ऊंचा रखा गया है। इसमें सामान रखने की जगह, चार्जिंग पोर्ट और दूसरे कंट्रोल्स मिलते हैं। पीछे बैठने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रियर AC वेंट्स भी दिए गए हैं।

Honda Alpha Electric SUV

पांच लोगों के बैठने की होगी जगह

जानकारी के मुताबिक Honda Alpha में पांच लोग आराम से बैठ सकेंगे। कंपनी ने इसके केबिन को पांच सीटों के हिसाब से तैयार किया है। जारी किए गए स्केच में हल्के रंग की सीटें दिखाई गई हैं। आगे की सीटों का डिजाइन पतला रखा गया है, जिससे पीछे बैठने वालों को ज्यादा खुली जगह मिल सकती है।

पीछे की सीट पर तीन हेडरेस्ट दिए गए हैं। बीच में कप होल्डर के साथ फोल्डिंग आर्मरेस्ट भी मिलता है। बड़ी खिड़कियों और हल्के रंग के इंटीरियर की वजह से केबिन काफी खुला और हवादार नजर आता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक SUV के लेगरूम, हेडरूम और बूट स्पेस से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है।

ये भी पढ़ें- अब Hyundai की कारें भी होंगी महंगी, 1 दिसंबर से बढ़ेंगे दाम; जानिए कौन सी गाड़ी कीतने में मिलेगी

दिसंबर में होगा ग्लोबल प्रीमियर

Honda Alpha की टेस्टिंग भारत में मार्च 2026 में शुरू हुई थी। कंपनी ने अपने तापुकारा प्लांट से इसका पैन-इंडिया टेस्टिंग प्रोग्राम शुरू किया था। इस दौरान SUV को शहर की सड़कों, हाईवे और खराब रास्तों पर चलाकर परखा गया। अलग-अलग मौसम में इसकी परफॉर्मेंस और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ इसकी अनुकूलता की भी जांच की गई।

अब कंपनी 2 दिसंबर 2026 को इस इलेक्ट्रिक SUV से पर्दा उठाने जा रही है। Honda की योजना 2030 तक भारतीय बाजार में 10 नए मॉडल लॉन्च करने की है। इनमें सात SUV होंगी। Honda Alpha भी कंपनी की इसी योजना का अहम हिस्सा है। फिलहाल इसकी बैटरी, रेंज, मोटर और कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इन सभी जानकारियों का खुलासा ग्लोबल प्रीमियर के दौरान हो सकता है।