नवंबर की शुरुआत के साथ ही देशभर में मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ रहा है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में दक्षिण भारत के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तमिलनाडु और केरल में बारिश का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 8 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगह बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। केरल और माहे में भी मौसम खराब रह सकता है। यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक की आशंका है। 8 नवंबर के बाद बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन 9 और 10 नवंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश जारी रहने के आसार हैं।
आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी बदलेगा मौसम
तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी परेशानी बढ़ा सकती है। रायलसीमा और तटीय इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी आंतरिक हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। वहीं, तेलंगाना में 8 नवंबर को किसी बड़े बारिश अलर्ट की संभावना नहीं है और यहां बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं।
दिल्ली, यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में फिलहाल बारिश को लेकर चिंता की कोई बड़ी वजह नहीं है। दिल्ली में 8 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है। उत्तर प्रदेश में भी मौसम सामान्य बना रह सकता है। राज्य के ज्यादातर जिलों में बारिश या आंधी का कोई विशेष अलर्ट नहीं है। बिहार और झारखंड में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, बिहार में 10 नवंबर के आसपास कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ सकती है ठंड
उत्तराखंड में 8 और 9 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 8 नवंबर को कोई बड़ा बारिश अलर्ट नहीं है, लेकिन 10 और 11 नवंबर से मौसम बदल सकता है। जम्मू-कश्मीर में भी 10 नवंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखाई देने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने देशवासियों को दी दिवाली की बधाई, कहा- अंधकार पर प्रकाश और बुराई....
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश के संकेत
असम और मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की बारिश के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश में 9 नवंबर के बाद बारिश तेज हो सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 11 नवंबर के बीच कुछ इलाकों में बारिश होने का अनुमान है।