नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म की कमाई में हर दिन नए बदलाव देखने को मिल रहे हैं, दूसरे दिन कलेक्शन में थोड़ी कमी आने के बाद तीसरे दिन फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि हर कोई हैरान रह गया। दिवाली वीकेंड का फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला और शनिवार को इसकी कमाई में शानदार उछाल दर्ज किया गया।
खास बात ये है कि फिल्म ने तीसरे दिन ओपनिंग डे के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 150 करोड़ के आंकड़े को पार करते हुए काफी आगे निकल गया है। आइए जानते हैं कि शनिवार को 'रामायण' ने कितनी कमाई की और बॉक्स ऑफिस पर कौन-कौन से रिकॉर्ड अपने नाम किए।
तीसरे दिन 'रामायण' की कमाई में जबरदस्त उछाल
'रामायण' को दर्शकों से मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स और दिवाली की छुट्टियों का फायदा मिलता दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि दूसरे दिन की तुलना में तीसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में शानदार बढ़ोतरी हुई। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन यानी शुक्रवार को 64.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. दूसरे दिन इसकी कमाई घटकर 48.05 करोड़ रुपये रह गई थी। इस दौरान कलेक्शन में करीब 25.9 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
हालांकि, शनिवार को फिल्म ने शानदार वापसी की। तीसरे दिन 'रामायण' ने 69.80 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे दिन के मुकाबले इसमें करीब 45.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी भी 40.3 फीसदी रही। इस तरह तीन दिनों में फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 182.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, यानी फिल्म ने महज तीन दिनों में बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है।
2026 की टॉप 10 फिल्मों में शामिल हुई 'रामायण'
बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई के साथ 'रामायण' ने साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में भी अपनी जगह बना ली है. महज तीन दिनों के कारोबार के दम पर फिल्म सातवें नंबर पर पहुंच गई है। इसने 177.92 करोड़ रुपये कमाने वाली 'धमाल 4' को पीछे छोड़ दिया है। 182.70 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ अब यह साल की टॉप 10 फिल्मों में शामिल हो चुकी है।
आइए नजर डालते हैं 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 10 फिल्मों पर:
1. धुरंधर 2 – 1186.32 करोड़ रुपये
2. दृश्यम 3 – 379.70 करोड़ रुपये
3. बॉर्डर 2 – 362.76 करोड़ रुपये
4. हनुमान अंश – 343.11 करोड़ रुपये
5. मिर्जापुर द मूवी – 233.73 करोड़ रुपये
6. भूत बंगला – 199.23 करोड़ रुपये
7. रामायण – 182.70 करोड़ रुपये (तीन दिन)
8. धमाल 4 – 177.92 करोड़ रुपये
9. आवारापन 2 – 156.12 करोड़ रुपये
10. टॉक्सिक (हिंदी) – 143.92 करोड़ रुपये
'रामायण' के इस शानदार प्रदर्शन के बाद अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' भी टॉप 10 की लिस्ट से बाहर हो गई है. इस फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन करीब 137.93 करोड़ रुपये बताया गया था।
ये भी पढ़ें- 8 नवंबर को दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, तमिलनाडु-केरल समेत कई राज्यों में बढ़ेगी परेशानी
दुनियाभर में भी 'रामायण' का जलवा
सिर्फ भारतीय बॉक्स ऑफिस ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी 'रामायण' अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में भी 350 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने शुरुआती दो दिनों में दुनियाभर में 230.05 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं, तीसरे दिन शनिवार की शानदार कमाई के बाद इसका कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन बढ़कर 378.50 करोड़ रुपये हो गया। तीन दिनों के भीतर 378 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर कितने और रिकॉर्ड अपने नाम करती है।