Sunny Deol Suryaa First Look: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार अंदाज में नजर आने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का पहला मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है। अभिनेता ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर साझा किया, जिसके बाद उनके प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह क्राइम-थ्रिलर फिल्म '20 नवंबर 2026' को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अतीत और वर्तमान के बीच उलझा होगा किरदार
फिल्म के मोशन पोस्टर में सनी देओल सफेद टी-शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। उनकी बढ़ी हुई दाढ़ी, गंभीर चेहरा और आंखों में दिखती गहराई उनके किरदार को रहस्यमयी बनाती है। पोस्टर में अभिनेता सिगरेट पीते हुए दिखाई देते हैं। उनका यह अलग अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
मेकर्स के मुताबिक, फिल्म में सनी देओल का किरदार अतीत और वर्तमान के बीच उलझा हुआ है और सच की तलाश करता है। हालांकि, कहानी से जुड़ी अन्य जानकारियां अभी सामने नहीं आई हैं।
प्रज्ञा जायसवाल और रवि किशन भी आएंगे नजर
'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का निर्देशन एम. पद्मकुमार कर रहे हैं, जबकि कमल मुकुट इसे प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म में सनी देओल के साथ प्रज्ञा जायसवाल और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मोशन पोस्टर सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
सनी देओल के पास हैं कई बड़े प्रोजेक्ट
वर्कफ्रंट की बात करें तो सनी देओल ने 'गदर 2' से बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी की थी। इसके बाद 'बॉर्डर 2' को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। अभिनेता आगामी फिल्म 'रामायण' में हनुमान की भूमिका में दिखाई देंगे। इसके अलावा, राजकुमार संतोषी के साथ उनकी फिल्म 'घातक घुस के मारेगा' भी चर्चा में है। ऐसे में 'सूर्या' उनके प्रशंसकों के लिए एक और बड़ी सिनेमाई पेशकश साबित हो सकती है।
ये भी पढ़ें: आगे नेहा बोरा, साथ में प्रियंका और पीछे राहुल! विपक्ष के पैदल मार्च ने खींचा सबका ध्यान