Dhurandhar The Revenge: गोवा में चल रहे 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में फिल्म ‘धुरंधर’ को मिली जगह से अभिनेता राकेश बेदी काफी खुश हैं। फिल्म में पाकिस्तानी नेता जमील जमाली का किरदार निभाने वाले राकेश बेदी ने फेस्टिवल के दूसरे दिन मीडिया से बातचीत में कहा कि फिल्म की स्क्रीनिंग और उसे मिल रही पहचान उनके लिए खुशी की बात है।
राकेश बेदी ने कहा, “यह बहुत अच्छा एहसास है। यह वाकई एक शानदार फिल्म है। मैं इसे लेकर बहुत खुश हूं।” आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ को IFFI के इंडियन पैनोरमा सेक्शन में मुख्यधारा सिनेमा की ओपनिंग फिल्म के तौर पर दिखाया गया।
‘मेरा बच्चा है तू’ डायलॉग भी हुआ था वायरल
‘धुरंधर’ में राकेश बेदी ने पाकिस्तानी राजनेता जमील जमाली की भूमिका निभाई है। फिल्म के साथ-साथ उनका किरदार भी दर्शकों के बीच चर्चा में रहा। खास तौर पर उनका डायलॉग ‘मेरा बच्चा है तू’ सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हुआ। इस डायलॉग पर कई मीम बने और लोगों ने इसे अपने अंदाज में इस्तेमाल किया। फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी नजर आए। पहली फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जबकि इसका सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ मार्च 2026 में आया। दोनों फिल्मों को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली।
केन्याई फिल्म ‘Call Me Queen’ की भी हुई स्क्रीनिंग
फेस्टिवल में केन्या की फिल्म ‘Call Me Queen’ भी दिखाई गई। इस मौके पर फिल्म की अभिनेत्री नाइस गितिंजी ने बताया कि भले ही फिल्म केन्या में बनी हो, लेकिन इसकी कहानी भारत के दर्शकों से भी जुड़ रही है। उन्होंने कहा कि भारत में कई महिलाओं से बातचीत के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि फिल्म के विषय और उसमें दिखाई गई कहानियों से दर्शक खुद को जोड़ पा रहे हैं। उनके मुताबिक, फिल्म की भावनाएं किसी एक देश तक सीमित नहीं हैं।
गोवा के खाने और मौसम की तारीफ की
नाइस गितिंजी ने गोवा में अपने अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने यहां के मौसम, खाने और लोगों की तारीफ की। अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने गोवा में चिकन करी, ब्लैक बीन सॉस में बनी मछली, पराठा और टिक्का जैसे व्यंजनों का स्वाद लिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि गोवा का खाना इतना अच्छा है कि वह शायद घर लौटते समय थोड़ा वजन बढ़ाकर जाएंगी।
28 नवंबर तक चलेगा फिल्म फेस्टिवल
57वें IFFI की शुरुआत 20 नवंबर को गोवा में हुई है। यह फिल्म महोत्सव 28 नवंबर तक चलेगा। इसके साथ ही 20वें WAVES Film Bazaar का भी आयोजन शुरू हो गया है। इस मंच पर भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग से जुड़े लोग एक साथ जुट रहे हैं।
यह भी पढ़ें: धीरज धूपर के घर फिर गूंजेगी किलकारी, बेबी बंप फ्लॉन्ट करती दिखीं पत्नी विन्नी अरोड़ा