Uttarakhand News: उत्तराखंड में कुंभ मेला 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में गंगा घाटों की सफाई और कुंभ से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों के तहत बुनियादी ढांचे के विकास, घाटों के निर्माण और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनभागीदारी से गंगा और उसके घाटों की सफाई की गई है। सीएम के मुताबिक, अब यहां निर्मल और स्वच्छ गंगा बह रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और तीर्थयात्री को उत्तराखंड की देवभूमि से एक सकारात्मक और यादगार अनुभव मिले।

जनभागीदारी से हुई गंगा और घाटों की सफाई
पत्रकारों से बातचीत में सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां पूरी गति से चल रही हैं। इसके तहत बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने, घाटों के निर्माण और व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, "हाल ही में जनता की सक्रिय भागीदारी से गंगा और उसके घाटों की सफाई की गई। इसका परिणाम है कि अब यहां निर्मल और स्वच्छ गंगा बह रही है। इससे आगामी कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को एक अनूठा और शानदार अनुभव मिलेगा।"

श्रद्धालुओं को यादगार अनुभव देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि मां गंगा में स्नान के लिए आने वाले सभी श्रद्धालु और तीर्थयात्री यहां से अच्छी यादें लेकर लौटें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि, मां गंगा के तट और हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।

भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हुए शामिल
कुंभ की तैयारियों के बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित भाजपा उत्तराखंड की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी शामिल हुए। बैठक के पहले दिन उन्होंने भाजपा के संयुक्त मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक में हिस्सा लिया।

दिल्ली में उत्तराखंड पवेलियन का किया उद्घाटन
इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर-2026 के अवसर पर आयोजित उत्तराखंड दिवस समारोह में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड पवेलियन का उद्घाटन किया और प्रदेश के विभिन्न जिलों से लाए गए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला और अन्य विशिष्ट वस्तुओं की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अलग-अलग स्टॉल पर जाकर उत्पादों की जानकारी ली। स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों और उत्पादकों के काम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। 

और पढ़ें: मणिपुर में जहरीली शराब से 15 लोगों की मौत, 150 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती; राहुल गांधी बोले- हादसा नहीं, BJP सरकार की लापरवाही