Delhi Fire News: दिल्ली में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को ज्वाला पुरी इलाके में एक इमारत में आग लग गई। हादसे में पहली और दूसरी मंजिल पर रखे घरेलू सामान के साथ ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक NGO के कार्यालय का फर्नीचर भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के मुताबिक, आग लगने की सूचना शनिवार दोपहर करीब 12:31 बजे नांगलोई के जनता मार्केट के पास कैंप नंबर-1 स्थित Y-725 और 726 की इमारत में मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

पांच दमकल वाहनों ने आग पर पाया काबू
शुरुआत में दमकल विभाग ने एक वाटर टेंडर और एक वाटर बाउजर मौके पर भेजा था। बाद में आग की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गईं। कुल तीन वाटर टेंडर और दो वाटर बाउजर ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम किया।

यह इमारत ग्राउंड प्लस दो मंजिल की थी और करीब 355 वर्ग गज क्षेत्र में फैली हुई थी। आग से पहली और दूसरी मंजिल पर रखा घरेलू सामान प्रभावित हुआ, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर NGO कार्यालय में रखा फर्नीचर भी जल गया। अधिकारी SO विनोद ने दोपहर करीब 2:11 बजे आग पर काबू पाने का संदेश जारी किया। घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है।

करोल बाग में भी लगी थी आग, दो घंटे चला था रेस्क्यू ऑपरेशन
इससे पहले शुक्रवार शाम दिल्ली के करोल बाग इलाके में पूसा रोड स्थित एक इमारत में आग लग गई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना शाम करीब 7:38 बजे मिली। सूचना पर करोल बाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की।

आग बुझाने के लिए शंकर रोड और प्रसाद नगर फायर स्टेशन से कम से कम आठ दमकल गाड़ियां भेजी गईं। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर BSES की टीम भी पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया। इस घटना में भी किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद पता चलेगा कारण
पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह बिजली का संभावित शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी निरीक्षण और संबंधित रिपोर्ट मिलने के बाद ही चलेगा। फॉरेंसिक जांच के लिए परिसर को सुरक्षित कर लिया गया है। 

और पढ़ें: पीएम मोदी के लखनऊ कार्यक्रम पर कांग्रेस का हमला, अजय राय बोले- 4 परिवारों की शादी की बुकिंग रद्द, प्रधानमंत्री मांगें माफी