नई दिल्ली: ओलंपिक मेडलिस्ट बॉक्सर मैरी कॉम एक बार फिर निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उनके एक्स-हसबैंड ओन्लर कॉम ने उनके खिलाफ क्रिमिनल मानहानि की कार्रवाई शुरू की है। ओन्लर का आरोप है कि मैरी कॉम ने टीवी और दूसरे सार्वजनिक प्लेटफॉर्म्स पर उनके बारे में ऐसी बातें कहीं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। 

BNS की धारा 356 के तहत मामला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओन्लर ने मैरी कॉम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत मानहानि की शिकायत की है। इस प्रावधान में दोष सिद्ध होने पर दो साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है। मामले की अगली सुनवाई 19 नवंबर 2026 को होगी। 

ओन्लर ने कहा- ‘मेरे पास मजबूत केस है’

ओन्लर कॉम ने कानूनी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय न्याय व्यवस्था पर भरोसा है। हालांकि, मामला अदालत में विचाराधीन होने के कारण उन्होंने आरोपों पर विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार किया।

ओन्लर के मुताबिक, “मेरे पास मजबूत केस है। मुझे भारतीय न्याय व्यवस्था पर विश्वास है। मामला विचाराधीन है, इसलिए मैं इस पर आगे टिप्पणी नहीं करूंगा।” 

मैरी कॉम ने लगाए थे वित्तीय आरोप

दरअसल, मैरी कॉम ने पहले ओन्लर पर उनकी बॉक्सिंग से हुई कमाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उनके नाम पर लोन लिए गए, उनकी संपत्ति को मॉर्गेज किया गया और कुछ संपत्तियां उनकी उचित सहमति के बिना ओन्लर के नाम ट्रांसफर की गईं।

ओन्लर इन आरोपों को लगातार खारिज करते रहे हैं। उन्होंने मैरी कॉम के आरोपों पर पलटवार भी किया और उन्हें अपने दावों को साबित करने की चुनौती दी। 

अब माफी और हर्जाने की मांग

ओन्लर से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, उन्होंने शुरुआत में कानूनी कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया था क्योंकि वह विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते थे। लेकिन उनके परिवार और दोस्तों की ओर से लगातार सवाल उठाए जाने के बाद उन्होंने कानूनी रास्ता अपनाया।

रिपोर्ट के मुताबिक, ओन्लर अब मैरी कॉम से माफी और हर्जाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अंतिम फैसला अदालत की सुनवाई और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगा। 

2005 में हुई थी शादी, 2023 में अलग हुए

मैरी कॉम और ओन्लर की मुलाकात 2000 में दिल्ली में हुई थी। दोनों ने 2005 में शादी की। उनके तीन बेटे हैं और 2018 में दोनों ने एक बेटी को गोद लिया था। ओन्लर ने परिवार और बच्चों की देखभाल के लिए अपने फुटबॉल करियर को भी पीछे रखा। वहीं मैरी कॉम ने बॉक्सिंग में छह वर्ल्ड चैंपियनशिप और ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडल सहित कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। बाद में दोनों अलग हो गए और मैरी कॉम ने 2023 में दोनों के तलाक की पुष्टि की थी। 

Bigg Boss में नजर आ रही हैं मैरी कॉम

इस समय मैरी कॉम रियलिटी शो Bigg Boss में भी नजर आ रही हैं। ऐसे में उनके खिलाफ शुरू हुई यह कानूनी कार्रवाई एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी को चर्चा में ले आई है। फिलहाल मामले की अगली सुनवाई 19 नवंबर को होनी है।