मुंबई: लॉस एंजिल्स में रहने वाली सिंगर नेहा जेटली ने अपने पहले ओरिजिनल सिंगल 'Ye Ankahe Alfaaz' के साथ बतौर सिंगर और गीतकार म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा है। यह गाना 20 नवंबर को रिलीज हुआ है, जिसे नेहा जेटली ने लिखा है और म्यूजिक कंपोजर बप्पा बी. लाहिड़ी ने प्रोड्यूस किया है।

'Ye Ankahe Alfaaz' में पारंपरिक गजल संगीत और मॉडर्न इंडियन पॉप का मेल देखने को मिलता है। गाने में उन अनकहे जज्बातों को आवाज दी गई है, जिन्हें लोग अक्सर अपने करीबी रिश्तों में भी जाहिर नहीं कर पाते। खासतौर पर प्यार और अपनापन जताने वाले शब्दों को सुनने की ख्वाहिश इस गाने का मुख्य भाव है।

7 साल की उम्र से शुरू हुआ संगीत का सफर

नेहा जेटली ने महज सात साल की उम्र में नई दिल्ली में भारतीय शास्त्रीय संगीत सीखना शुरू किया था। बाद में उन्होंने इसी विषय में मास्टर डिग्री भी हासिल की। हालांकि, संगीत को पूरी तरह अपनाने से पहले उन्होंने करीब दो दशक तक कॉर्पोरेट फाइनेंस के क्षेत्र में काम किया। वह न्यूयॉर्क में इन्वेस्टमेंट बैंकर रहीं और बाद में भारत में वित्तीय समावेशन पर केंद्रित एक फिनटेक कंपनी भी शुरू की।

साल 2022 में लॉस एंजिल्स जाने के बाद उन्होंने संगीत और परफॉर्मेंस पर ध्यान देना शुरू किया। उनके संगीत में गजल, सूफी, कव्वाली और क्लासिक बॉलीवुड गानों की झलक देखने को मिलती है।

बप्पा बी. लाहिड़ी ने तैयार किया गाने का म्यूजिक

गाने के प्रोड्यूसर बप्पा बी. लाहिड़ी ने बताया कि नेहा की लिखी शुरुआती पंक्तियों से उन्हें इसके म्यूजिक की दिशा तय करने में मदद मिली। उनका उद्देश्य ऐसा संगीत तैयार करना था, जिसमें कंट्री म्यूजिक की झलक के साथ आधुनिक गजल का अंदाज भी हो।

बप्पा बी. लाहिड़ी दिवंगत दिग्गज गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के बेटे हैं। वह फिल्मी संगीत, बैकग्राउंड स्कोर और स्वतंत्र म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में बतौर कंपोजर और म्यूजिक प्रोड्यूसर काम कर चुके हैं।

कई बड़े मंचों पर दे चुकी हैं प्रस्तुति

नेहा जेटली ने अप्रैल 2026 में सांता मोनिका के ब्रॉड स्टेज पर 'Chaandni Raat: The Broad Mehfil' नाम से कार्यक्रम पेश किया था। इसमें संगीत, कविता, कहानी और सांस्कृतिक इतिहास को एक मंच पर लाया गया। इसके अलावा सितंबर 2026 में उन्होंने जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के लॉस एंजिल्स संस्करण में भी प्रस्तुति दी थी।

'Ye Ankahe Alfaaz' के जरिए नेहा अब दूसरों के लिखे गाने गाने से आगे बढ़कर अपनी रचनाओं को भी श्रोताओं तक पहुंचा रही हैं।

यह भी पढ़ें: IFFI 2026 में ‘धुरंधर’ की स्क्रीनिंग पर खुश हुए राकेश बेदी, बोले- यह वाकई शानदार फिल्म है