इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फिल्मों के बीच एक ऐसी फिल्म भी लगातार चर्चा में बनी हुई है, जिसकी कहानी और कमाई दोनों ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। नीम करोली बाबा से प्रेरित फिल्म हनुमान अंश ने महज 24 दिनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। खास बात यह है कि फिल्म का बजट करीब 2 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, ऐसे में इसकी कमाई मेकर्स के लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 24वें दिन यानी रविवार को भी अच्छा कलेक्शन किया। कम बजट में बनी इस फिल्म की कमाई ने इसके मेकर्स को बड़ा मुनाफा दिया है। हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले इससे जुड़ी एक और दिलचस्प बात सामने आई थी, बताया जाता है कि फिल्म की टीम ने रिलीज से पहले प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी और उनसे आगे की रणनीति को लेकर सलाह मांगी थी।

प्रेमानंद महाराज ने मेकर्स को क्या दी थी सलाह?

फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने आज तक से बातचीत के दौरान इस मुलाकात का जिक्र किया,उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद प्रोड्यूसर प्रेमानंद महाराज के पास पहुंचे थे। टीम उनसे फिल्म की रिलीज को लेकर मार्गदर्शन चाहती थी। विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, प्रेमानंद महाराज ने फिल्म के लीड एक्टर को अपने रहन-सहन और खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी थी, उन्होंने अभिनेता को शाकाहारी भोजन अपनाने और अपनी लाइफस्टाइल को लेकर सतर्क रहने की बात कही थी।

शूटिंग के दौरान भी फॉलो किए गए थे कई नियम

फिल्म के सेट पर भी अनुशासन का खास ध्यान रखा जाता था। निर्देशक के अनुसार, शूटिंग के दौरान गाली-गलौज, आपसी विवाद या बेवजह बहस जैसी चीजों की अनुमति नहीं थी। टीम के लिए सेट पर शाकाहारी भोजन की ही व्यवस्था की जाती थी। इसके अलावा फिल्म से जुड़े लोगों के लिए शराब से दूर रहने का नियम भी था। शूटिंग शुरू करने से पहले रोजाना हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता था। दिनभर की शूटिंग पूरी होने के बाद भी हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता था।

24वें दिन 40 करोड़ के पार पहुंची फिल्म

करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 10 लाख रुपये की शुरुआती कमाई के साथ अपना सफर शुरू किया था। इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। 24वें दिन तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने 5,363 शोज के जरिए करीब 12.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन लगभग 40.13 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन करीब 47.33 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कम बजट की तुलना में फिल्म का यह प्रदर्शन काफी प्रभावशाली माना जा रहा है। बड़ी फिल्मों के बीच हनुमान अंश का लगातार दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचना इसके लिए एक बड़ी कामयाबी है।

 

 ये भी पढ़ें- Dhamaal 4 की ओटीटी रिलीज का इंतजार खत्म! जानिए कब और किस प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे अजय देवगन की फिल्म