Yeh Prem Mol Liya: अभिनेता आयुष्मान खुराना जल्द ही फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में प्रेम के किरदार में नजर आएंगे। फिल्मकार सूरज बड़जात्या की फिल्मों में प्रेम का नाम लंबे समय से सलमान खान के साथ जुड़ा रहा है। ऐसे में आयुष्मान के लिए इस किरदार को निभाना एक खास अनुभव है। उनका कहना है कि करियर के शुरुआती दौर में शायद वह इस भूमिका के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन समय के साथ आए भावनात्मक और मानसिक बदलाव ने उन्हें अब इसके लिए तैयार किया है।

आयुष्मान ने कहा कि राजश्री प्रोडक्शंस के साथ काम करना उनके लिए घर लौटने जैसा अनुभव रहा। उन्होंने खुद को इस परिवार का हिस्सा बनने के लिए भाग्यशाली बताया। अभिनेता के मुताबिक, वह एक पारंपरिक परिवार में पले-बढ़े हैं और बचपन से मिले संस्कारों की वजह से प्रेम के व्यक्तित्व से खुद को जोड़ पाते हैं। आयुष्मान ने कहा कि हर अभिनेता की अपनी एक इच्छा होती है कि वह प्रेम का किरदार निभाए। हालांकि, उनके लिए पर्दे पर प्रेम बनने से ज्यादा जरूरी असल जिंदगी में उन मूल्यों को समझना रहा है, जिनसे यह किरदार जुड़ा है।

करियर के शुरुआती दौर में नहीं निभा पाते प्रेम का किरदार

आयुष्मान का मानना है कि अगर उन्हें 20 साल की उम्र में यह भूमिका मिलती तो शायद वह इसे ठीक से नहीं निभा पाते। अब तक उन्होंने फिल्मों में ऐसे किरदार ज्यादा निभाए हैं, जिनमें कई तरह की कमियां और उलझनें रही हैं। इसके उलट प्रेम एक ऐसा किरदार है, जो दो परिवारों को जोड़ने का काम करता है।अभिनेता ने कहा कि समय के साथ उनके सोचने और चीजों को समझने के तरीके में बदलाव आया है। इसी अनुभव ने उन्हें इस भूमिका के करीब पहुंचाया। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक के अपने फिल्मी सफर में उन्होंने प्रेम जैसा आदर्श किरदार नहीं निभाया है और इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।

शरवरी निभाएंगी मुंबई की आधुनिक लड़की पूरवा का किरदार

फिल्म में शरवरी पूरवा की भूमिका निभा रही हैं। पूरवा मुंबई में रहने वाली एक ऐसी लड़की है, जो आधुनिक सोच रखती है, लेकिन अपने परिवार को सबसे ऊपर रखती है। वह जानती है कि उसे जिंदगी से क्या चाहिए और अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारियों को भी समझती है। शरवरी ने बताया कि फिल्म में पूरवा के परिवार में छह महिलाएं हैं, जिन्होंने उसे बड़ा किया है और एक आत्मविश्वासी महिला बनने में मदद की है। ऐसे में पूरवा अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारी महसूस करती है। अभिनेत्री के मुताबिक, परिवार में किसी को आर्थिक या स्वास्थ्य संबंधी जरूरत पड़ती है तो पूरवा उसके साथ खड़ी रहना चाहती है। यही वजह है कि वह किसी नए व्यक्ति को अपने घर और परिवार की जिंदगी में शामिल करने को लेकर थोड़ा झिझकती है।

फिल्म में कई जाने-माने कलाकार, 27 नवंबर को रिलीज होगी

‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी के अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी और राजेश कुमार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म के प्रचार में संगीत भी अहम भूमिका निभा रहा है। इसका गाना ‘झुमका पटोला’ एक मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। सूरज आर. बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर किया है। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

यह भी पढ़ें: 'ऐसा काम नहीं करना जिससे माता-पिता को शर्मिंदगी हो...', OTT प्रोजेक्ट्स को लेकर खेसारी लाल यादव ने कही बड़ी बात