मुंबई: मशहूर रैपर बादशाह ने सोमवार को अपना पहला मराठी गाना ‘चिमणा’ रिलीज किया। इस गाने में उनके साथ गायक दिव्या कुमार और लोकप्रिय मराठी लोक कलाकार नागेश मोरवेकर भी नजर आ रहे हैं।

‘चिमणा’ की शुरुआत महाराष्ट्र की ग्रामीण लोकधुन के पारंपरिक अंदाज से होती है। इसके बाद बादशाह अपने हिप-हॉप अंदाज में स्थानीय रंग और आधुनिक बीट्स को जोड़ते हैं। गाने में मराठी संस्कृति और लोकभाषा की झलक के साथ दमदार हिप-हॉप का मिश्रण सुनने को मिलता है।

‘चिमणा’ महाराष्ट्र के नाम मेरा प्रेम पत्र है: बादशाह

गाने के बारे में बादशाह ने कहा कि भारत का क्षेत्रीय संगीत उनके लिए किसी खजाने से कम नहीं है और वह देश के हर हिस्से की संगीत परंपरा का जश्न मनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “‘चिमणा’ महाराष्ट्र के समृद्ध रचनात्मक संसार के लिए मेरा प्रेम पत्र है। मैं इस प्रोजेक्ट के जिस तरह तैयार होने से बेहद खुश हूं। यह गाना मेरे उन सभी महाराष्ट्रीयन प्रशंसकों को समर्पित है, जो शुरुआत से मेरे साथ रहे हैं।”

कोल्हापुर में शूट हुआ म्यूजिक वीडियो

‘चिमणा’ का म्यूजिक वीडियो कोल्हापुर में शूट किया गया है। वीडियो में क्षेत्र की विशिष्ट संस्कृति, स्थानीय माहौल और महाराष्ट्र की पारंपरिक खूबसूरती को दिखाने की कोशिश की गई है।

यह गाना 31 अगस्त 2026 से सभी प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। बादशाह के इस नए प्रयोग में मराठी लोक संगीत और हिप-हॉप का मेल देखने को मिल रहा है।

यह भी पढ़ें: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज से पहले बड़ा झटका! CBFC ने लगाए 6 कट, ‘A’ सर्टिफिकेट के साथ होगी सिनेमाघरों में एंट्री