साल 2011 में रिलीज हुई विद्या बालन की फिल्म ‘द डर्टी पिक्चर’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म में साउथ की मशहूर अभिनेत्री सिल्क स्मिता की जिंदगी से प्रेरित कहानी दिखाई गई थी। अब इस फिल्म के करीब 15 साल बाद प्रोड्यूसर एकता कपूर इसका दूसरा पार्ट बनाने जा रही हैं। उन्होंने ‘द डर्टी पिक्चर 2’ बनाने की पुष्टि कर दी है। हालांकि, फिल्म में कौन-कौन नजर आएगा और यह कब रिलीज होगी, इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

एकता कपूर ने बताई सीक्वल बनाने की वजह

एकता कपूर ने एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान इस नए प्रोजेक्ट का जिक्र किया, उन्होंने बताया कि वह काफी समय से इस फिल्म के दूसरे पार्ट के बारे में सोच रही थीं। अब उन्हें लगता है कि उनके पास एक ऐसी कहानी है, जिसे दर्शकों के सामने लाया जा सकता है। एकता के मुताबिक, वह ‘द डर्टी पिक्चर 2’ पर काम करने की योजना बना रही हैं और इस बार भी कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द होगी, जिसकी जिंदगी और सोच लोगों का ध्यान खींचेगी।

उन्होंने पहली फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा कि सिल्क स्मिता की कहानी सिर्फ एक अभिनेत्री की जिंदगी तक सीमित नहीं थी। यह एक ऐसी महिला की कहानी थी, जिसे अपनी पसंद और अपनी सेक्सुअलिटी को खुलकर जाहिर करने के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। एकता ने सिल्क को कभी बेचारी या पीड़ित महिला के रूप में नहीं देखा, बल्कि उन्हें ऐसी महिला माना जिसने अपनी पहचान और अपनी पसंद को अपनाया।

महिला की कहानी पर आधारित होगी नई फिल्म

एकता कपूर ने साफ किया है कि सीक्वल में भी महिला किरदार को केंद्र में रखा जाएगा। फिल्म की कहानी में कुछ ऐसा खास होगा, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर सकता है, साथ ही, इसकी कहानी पहली फिल्म की मूल भावना से जुड़ी रहेगी। हालांकि, अभी यह पता नहीं चला है कि ‘द डर्टी पिक्चर 2’ की कहानी किस महिला की जिंदगी से प्रेरित होगी। फिल्म में मुख्य भूमिका कौन निभाएगा, इसका भी खुलासा नहीं हुआ है। इसके अलावा डायरेक्टर और रिलीज डेट को लेकर भी मेकर्स ने कोई जानकारी साझा नहीं की है। फिलहाल एकता कपूर की ओर से सीक्वल को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में दर्शकों को फिल्म की कास्ट और कहानी से जुड़े बाकी खुलासों का इंतजार करना होगा।

ऐसी थी पहली ‘द डर्टी पिक्चर’ की कहानी

‘द डर्टी पिक्चर’ साल 2011 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन मिलन लूथरिया ने किया था और इसमें विद्या बालन ने मुख्य भूमिका निभाई थी, उनके साथ नसीरुद्दीन शाह, इमरान हाशमी और तुषार कपूर भी अहम किरदारों में नजर आए थे। यह फिल्म साउथ इंडियन अभिनेत्री सिल्क स्मिता की जिंदगी से प्रेरित थी। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने करीब 18 साल के करियर में 450 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया था। 35 साल की उम्र में चेन्नई स्थित अपने घर में उनकी मौत हो गई थी। पहली फिल्म को मिली सफलता के बाद अब इसके सीक्वल की खबर ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि, फिल्म की कहानी और नई स्टार कास्ट के बारे में जानकारी मिलने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस बार मेकर्स दर्शकों के लिए क्या नया लेकर आने वाले हैं।

 

ये भी पढ़ें- Explainer: कौन हैं ऐन कार्सन, जिनकी लेखनी ने साहित्य की दुनिया में बनाई अलग पहचान?