झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रशिक्षित सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक कक्षाओं के लिए कुल 7,299 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसमें नियमित और बैकलॉग दोनों श्रेणी के पद शामिल हैं।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 18 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
किस स्तर के कितने पद हैं?
JSSC की इस भर्ती में कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने वाले प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के पद शामिल किए गए हैं। पदों का विवरण इस प्रकार है:
- इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक, कक्षा 1 से 5: 2,756 पद
- ग्रेजुएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक, कक्षा 6 से 8, भाषा ज्ञान: 1,887 पद
- ग्रेजुएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक, कक्षा 6 से 8, सामाजिक विज्ञान: 908 पद
- ग्रेजुएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक, कक्षा 6 से 8, विज्ञान एवं गणित: 1,748 पद
इस तरह कुल 7,299 रिक्तियां हैं। इनमें 6,101 नियमित और 1,198 बैकलॉग पद शामिल हैं।
कौन भर सकता है फॉर्म?
बता दें कि कक्षा 1 से 5 के सहायक शिक्षक पदों के लिए अभ्यर्थी का 12वीं परीक्षा कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित निर्धारित शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता, जैसे दो वर्षीय डिप्लोमा अथवा चार वर्षीय बीईबीएड, होना चाहिए। उम्मीदवार के लिए संबंधित स्तर की जेटीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करना भी आवश्यक है।
कक्षा 6 से 8 के पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक डिग्री के साथ निर्धारित शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता होनी चाहिए। इसमें दो वर्षीय डीईएलएड/डीईईडी, बीएड या चार वर्षीय बीए-बीएड/बीएससी-बीएड जैसी योग्यताएं शामिल हैं। इस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए भी संबंधित स्तर की जेटीईटी पात्रता जरूरी है।
इसके अलावा भर्ती की पात्रता में झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल के अंतर्गत कार्यरत पैरा टीचर्स के लिए निर्धारित शर्तें भी लागू हैं। ऐसे उम्मीदवारों के लिए कम से कम दो वर्ष की लगातार सेवा पूरी करना आवश्यक है।
आयु सीमा क्या है?
बता दें कि उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 1 अगस्त 2026 को 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा संबंधित सरकारी नियमों के अनुसार निर्धारित होगी। कार्यरत पैरा टीचर्स को नियमों के तहत ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी और निर्धारित शर्तों के अनुसार उनकी अधिकतम आयु सीमा 58 वर्ष तक हो सकती है।
आवेदन शुल्क कितना है?
आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
- सामान्य, ईबीसी-1, ईबीसी-2 और ईडब्ल्यूएस: 100 रुपये
- झारखंड के एससी और एसटी उम्मीदवार: 50 रुपये
- 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पीडब्ल्यूडी उम्मीदवार: कोई आवेदन शुल्क नहीं
जानिए कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन एक चरण की मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा ओएमआर शीट या कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के माध्यम से आयोजित की जा सकती है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद उपलब्ध नियमों और परीक्षा प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
कक्षा 1 से 5 के पदों के लिए परीक्षा में तीन पेपर होंगे। इनमें मातृभाषा, अभ्यर्थी द्वारा चुनी गई क्षेत्रीय भाषा तथा सामान्य ज्ञान एवं करंट अफेयर्स के साथ सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और गणित से संबंधित विषय शामिल होंगे।
वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए चार पेपर निर्धारित हैं। इनमें मातृभाषा, चयनित क्षेत्रीय भाषा, सामान्य ज्ञान एवं करंट अफेयर्स और संबंधित वैकल्पिक विषय से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।
कितनी होगी सैलरी?
भर्ती के बाद नियुक्त होने वाले इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों को पे लेवल-4 के अनुसार वेतन मिलेगा। इस स्तर पर वेतनमान 25,500 रुपये से 81,100 रुपये तक है। ग्रेजुएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के लिए पे लेवल-5 लागू होगा। इस पद का वेतनमान 29,200 रुपये से 92,300 रुपये तक निर्धारित है।
JSSC Teacher के लिए ऐसे करें आवेदन
- आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को JSSC की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in पर जाना होगा।
- इसके बाद भर्ती से संबंधित JTAACCE 2026 लिंक के जरिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
- रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करें।
- इसके बाद अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
- शुल्क भुगतान पूरा होने के बाद निर्धारित प्रारूप में फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
- अंत में आवेदन पत्र में दर्ज सभी जानकारियों को दोबारा जांच लें और फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें। बता दें कि इसके आवेदन की अंतिम तारीख 18 अक्टूबर 2026, रात 11:59 बजे तक है।
ये भी पढ़ें- आज 20 राज्यों में मौसम का बदलेगा मिजाज, भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी