मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव के पास मुरादाबाद-बिजनौर/हरिद्वार मार्ग पर रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान अर्चना, उनके छह वर्षीय बेटे अर्पण उर्फ सुशांत, शिक्षिका दीपिका और पुजारी लोकेश कुमार जोशी के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:  परिसीमन बिल पर खरगे का हमला, बोले- ‘पास हुआ तो हमेशा RSS-BJP के हाथ में चली जाएगी सत्ता’

मुख्यमंत्री योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति जताई।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Reported By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती

यह भी पढ़ें: Blinkit आपकी उम्र, परिवार और पसंद पर रखता है नजर? कंटेंट क्रिएटर के दावे से प्राइवेसी को लेकर उठे सवाल