नई दिल्ली: संसद में प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के कई दल इस बिल का विरोध कर रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए चेतावनी दी कि अगर परिसीमन बिल पारित हो गया तो सत्ता हमेशा के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और बीजेपी के हाथों में चली जाएगी। साथ ही खरगे ने इस परिसीमन बिल को देश और लोकतंत्र के हितों के खिलाफ बताया।
Highlights:
|
इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद खरगे ने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार परिसीमन के जरिए पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रही है। विपक्षी दलों ने मिलकर संसद में इस बिल का विरोध करने का फैसला किया है।
यह भी पढें: UP Election 2027: नोएडा विधानसभा में विकास के दावों और शहरी चुनौतियों के बीच क्या होगा जनता का मूड?
परिसीमन बिल से लोकतंत्र को खतरा: खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बीजेपी पहले 400 पार का नारा दे रही थी और अब 800 पार के जरिए सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस बिल के माध्यम से लंबे समय तक सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रही है।
खरगे के मुताबिक, अगर एक बार सत्ता पूरी तरह बीजेपी के हाथों में चली गई तो संविधान के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र और देश के भविष्य से जुड़ा सवाल है।
SC-ST वर्ग के हितों की अनदेखी का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने परिसीमन बिल में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार इन वर्गों की आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होना चाहिए, लेकिन प्रस्तावित बिल में इसका पर्याप्त प्रावधान नहीं दिखाई देता।
खरगे ने कहा कि आगामी जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन किया जाना चाहिए, ताकि SC-ST वर्ग को उनकी बढ़ी हुई आबादी के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस प्रक्रिया में इन वर्गों के अधिकारों के साथ न्याय नहीं कर रही है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना
मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के नेतृत्व में 10 करोड़ से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। ऐसे में उसी आयोग को परिसीमन की जिम्मेदारी देना उचित नहीं है।
उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि भौगोलिक क्षेत्रों में बदलाव राजनीतिक फायदे को ध्यान में रखकर किए गए। खरगे ने कहा कि विपक्ष को आशंका है कि आगामी परिसीमन में भी ऐसी गड़बड़ियां हो सकती हैं।
इंडिया गठबंधन में भी बिल को लेकर मतभेद
परिसीमन बिल को लेकर इंडिया गठबंधन के भीतर भी अलग-अलग रुख सामने आ रहे हैं। जहां कांग्रेस समेत कुछ दल इसके विरोध में हैं, वहीं डीएमके और शरद पवार की एनसीपी (SP) ने समर्थन को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है। ऐसे में संसद में बिल को लेकर विपक्ष की रणनीति और गठबंधन की एकजुटता दोनों अहम रहने वाली हैं।
परिसीमन बिल पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने बिल को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए RSS-BJP के हाथों में स्थायी सत्ता जाने की आशंका जताई।
यह भी पढें: Blinkit आपकी उम्र, परिवार और पसंद पर रखता है नजर? कंटेंट क्रिएटर के दावे से प्राइवेसी को लेकर उठे सवाल