तमिलनाडु की राजनीति में भूचाल मच गया है। बता दें कि महिला IAS अधिकारी की शिकायत पर कल्लाकुरिची से TVK विधायक सी. अरुल विग्नेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला अब सिर्फ एक विधायक की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के लिए भी बड़ी राजनीतिक परीक्षा बन गया है। सवाल है कि क्या विजय आरोपी विधायक को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाएंगे या जांच पूरी होने तक इंतजार करेंगे?
बता दें कि एक महिला IAS अधिकारी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए महिला पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम करीब 6 बजे कल्लाकुरिची स्थित उनके आवास से विधायक को हिरासत में लिया। पुलिस ने मजिस्ट्रेट कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट हासिल करने के बाद यह कदम उठाया।
आरोपों की गंभीरता को देखते हुए इस मामले पर पहले से ही राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव बना हुआ था। मद्रास हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद जांच की जिम्मेदारी तिरुपुर की एसपी सृष्टि सिंह को सौंपी गई थी। आईजी एन. कामिनी को जांच की निगरानी की जिम्मेदारी मिली है।
क्या हैं विधायक पर आरोप?
महिला IAS अधिकारी ने अपनी शिकायत में विधायक पर आपत्तिजनक संदेश भेजने और अवांछित व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध कानून के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, अरुल विग्नेश पहले ही इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं, उनका कहना है कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में अब पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया से ही आरोपों की सच्चाई सामने आएगी।
#WATCH | Tamil Nadu | Police have arrested Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) MLA Arul Vignesh at his residence in Kallakurichi. He is being taken away in a police vehicle. He has been arrested in connection with alleged obscene messages to the District Collector. https://t.co/K9dEK25lg7
— ANI (@ANI) November 27, 2026
विजय सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती
इस पूरे घटनाक्रम में मुख्यमंत्री विजय की भूमिका सबसे ज्यादा चर्चा में है। वजह साफ है कि जिस विधायक पर गंभीर आरोप लगे हैं, वह विपक्षी दल का नहीं, बल्कि सत्ताधारी TVK का प्रतिनिधि है।
मद्रास हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद जांच में तेजी आई और अब विधायक की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। इससे सरकार पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव और बढ़ गया है।
विजय के सामने अब कई अहम फैसलों का सवाल है। क्या वह अरुल विग्नेश को पार्टी से निलंबित करेंगे? क्या विधायक से इस्तीफा मांगा जाएगा? क्या सरकार सार्वजनिक रूप से महिला अधिकारी को न्याय दिलाने का भरोसा देगी?
ये भी पढ़ें- परिसीमन विधेयक पर नायडू का समर्थन, विपक्ष में बढ़ी हलचल; जानिए क्या है पूरा मामला
क्या विधायक पर गिरेगी विजय की गाज?
राजनीतिक तौर पर यह मामला विजय के लिए अग्निपरीक्षा बन सकता है। वहीं, बात दें कि विधायक की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले की जांच जारी है। अब सबकी नजरे मुख्यमंत्री विजय के अगले कदम पर टिकी हैं। क्या वह अपनी सरकार की छवि बचाने के लिए सख्त फैसला लेंगे या इस मामले में कानूनी प्रक्रिया के नतीजे का इंतजार करेंगे? यही सवाल आने वाले दिनों में तमिलनाडु की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन सकता है।