टाटा मोटर्स की कारों को भारतीय बाजार में लगातार पसंद की जा रही है। कंपनी की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Nexon भी आने वाले समय में एक बड़े बदलाव से गुजर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Tata Motors नेक्सन की अगली पीढ़ी पर काम कर रही है और इसका नया मॉडल 2027 के आसपास भारतीय बाजार में पेश किया जा सकता है।

मौजूदा मॉडल से बड़ी और ज्यादा प्रीमियम हो सकती है नई नेक्सन

नई नेक्सन को मौजूदा आर्किटेक्चर के काफी अपडेटेड और ज्यादा लोकलाइज्ड वर्जन पर तैयार किए जाने की चर्चा है। इसके चलते SUV के आकार में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, साथ ही, डिजाइन में भी व्यापक बदलाव किए जाने की उम्मीद है, जिससे इसका लुक मौजूदा मॉडल की तुलना में ज्यादा दमदार, आधुनिक और प्रीमियम हो सकता है।

Sierra से मिल सकती है डिजाइन और फीचर्स की प्रेरणा

नई नेक्सन के इंटीरियर में भी कंपनी कई अहम बदलाव कर सकती है। माना जा रहा है कि टाटा की नई जनरेशन की बड़ी SUV Sierra में दिए जाने वाले कुछ प्रीमियम फीचर्स को नेक्सन में भी शामिल किया जा सकता है। नई SUV में पहले से बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, अपडेटेड स्टीयरिंग व्हील और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है। इसके अलावा आगे की दोनों सीटों पर पावर्ड एडजस्टमेंट और पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं। कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी को भी पहले से ज्यादा आधुनिक बनाने की उम्मीद है। इससे स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, वाहन की रिमोट मॉनिटरिंग और अन्य डिजिटल सुविधाओं का अनुभव बेहतर हो सकता है।

इंजन और पावरट्रेन में भी हो सकते हैं बदलाव

पावरट्रेन की बात करें तो अगली पीढ़ी की नेक्सन में मौजूदा सेटअप की तुलना में बड़े अपडेट देखने को मिल सकते हैं। SUV में 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन को बरकरार रखते हुए इसमें नए पेट्रोल इंजन का विकल्प जोड़े जाने की संभावना जताई जा रही है। डीजल इंजन भी भविष्य के लाइनअप का हिस्सा रह सकता है। हालांकि, इसके साथ ट्रांसमिशन में बदलाव किए जाने की उम्मीद है और कंपनी ज्यादा आधुनिक गियरबॉक्स का इस्तेमाल कर सकती है।

CNG और EV मॉडल में भी मिल सकते हैं बड़े अपडेट

इसके अलावा Nexon CNG और Nexon EV को भी अपडेट मिलने की संभावना है। इलेक्ट्रिक मॉडल में बड़ी बैटरी पैक का इस्तेमाल किए जाने पर इसकी ड्राइविंग रेंज में भी सुधार देखने को मिल सकता है।

बड़े व्हीलबेस के साथ ज्यादा स्पेसियस

नई नेक्सन के आकार में संभावित बढ़ोतरी का सीधा फायदा इसके केबिन को मिल सकता है। ज्यादा व्हीलबेस और बेहतर पैकेजिंग के कारण पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए लेगरूम और ओवरऑल स्पेस मौजूदा मॉडल से बेहतर हो सकता है।

प्रीमियम इंटीरियर के साथ बदलेगा केबिन का अंदाज

केबिन का लेआउट भी नए सिरे से तैयार किए जाने की उम्मीद है। इसमें नया डैशबोर्ड डिजाइन, अपडेटेड क्लाइमेट कंट्रोल और ज्यादा एडवांस्ड कनेक्टेड-कार फीचर्स शामिल हो सकते हैं। इंटीरियर में बेहतर क्वालिटी के मटेरियल और नए डिजाइन एलिमेंट्स का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है, जिससे SUV के केबिन को ज्यादा प्रीमियम लुक और फील मिल सकती है।

ये भी पढ़ें- Maruti Fronx का नया अवतार जल्द! Strong Hybrid इंजन और ADAS से बदलेगी पूरी तस्वीर

2027 में हो सकती है नई नेक्सन की एंट्री

नेक्स्ट-जेनरेशन Nexon को लेकर फिलहाल कंपनी की ओर से आधिकारिक लॉन्च टाइमलाइन सामने नहीं आई है। हालांकि, रिपोर्ट्स में इसके 2027 के दौरान बाजार में आने की संभावना जताई जा रही है। टाटा मोटर्स अगले कुछ समय में अपने पोर्टफोलियो में कई नए मॉडल जोड़ने की तैयारी कर रही है। इनमें Sierra, Safari EV और Tigor के नए अपडेट जैसे मॉडल शामिल बताए जा रहे हैं। ऐसे में कंपनी इन लॉन्च के बाद नई नेक्सन को बाजार में उतार सकती है। अगर 2027 में इसकी एंट्री होती है, तो नई नेक्सन में डिजाइन, केबिन, फीचर्स और पावरट्रेन,चारों स्तरों पर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।