हैदराबाद: तेलंगाना में भारत समिट को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। तेलंगाना के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव को शनिवार, 14 नवंबर को हैदराबाद स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई भारत समिट के विरोध में प्रदर्शन करने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हैदराबाद यात्रा को रोकने की उनकी घोषणा के मद्देनजर की।
BJP ने 'एंटी-भारत समिट' बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की
दरअसल, BJP के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कांग्रेस की ओर से आयोजित भारत समिट को 'एंटी-भारत समिट' बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि इस कार्यक्रम के जरिए देश विरोधी ताकतों को एक मंच पर लाया जा रहा है। इस संबंंध में बीजेपी नेता रामचंदर राव ने पहले चेतावनी दी थी कि पार्टी राहुल गांधी के दौरे का काले झंडे दिखाकर विरोध करेगी और उन्हें समिट में शामिल नहीं होने देगी। भारत शिखर सम्मेलन 2026 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (HICC) में आयोजित किया जा रहा है।
रामचंदर राव पर की गई पुलिस की कार्रवाई से BJP नाराज
एन. रामचंदर राव के साथ ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि उन्होंने भारत समिट को रोकने की मांग की थी। वहीं, पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर बीजेपी ने नाराजगी जताई है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार विपक्षी नेताओं के लोकतांत्रिक विरोध के अधिकार को दबा रही है और राजनीतिक बदले की भावना से तेलंगाना में कार्रवाई कर रही है। BJP ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के बजाय, कांग्रेस सरकार राज्य में ऐसी एक्टिविटीज़ ऑर्गनाइज़ कर रही है जिन्हें उसने एंटी-नेशनल बताया है।
ये भी पढ़ें-सोनिया गांधी के संस्मरण में गोधरा कांड को 'विवादित' बताने पर, राकेश अस्थाना ने उठाए सवाल