Nissan अपनी नई Terrano SUV को लेकर चर्चा में है। कंपनी ने इस साल अप्रैल में चीन के बीजिंग ऑटो शो में इसका कॉन्सेप्ट मॉडल पेश किया था। यह एक लैडर-फ्रेम SUV है, जिसे खास तौर पर चीन में तैयार किया गया है। कंपनी इसे चीन के अलावा लैटिन अमेरिका, ASEAN देशों और मिडिल ईस्ट के बाजारों में भी लॉन्च कर सकती है। भारत में भी इसकी एंट्री की संभावना जताई जा रही है। चीन में हुई रेगुलेटरी फाइलिंग से Nissan Terrano के डिजाइन, साइज और इंजन से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
Nissan Terrano का साइज Fortuner से बड़ा
बता दें कि चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MIIT) की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, Nissan Terrano की लंबाई 5,098mm और व्हीलबेस 2,850mm है। इस हिसाब से यह SUV Toyota Fortuner से काफी बड़ी होगी। Fortuner की लंबाई 4,795mm और व्हीलबेस 2,745mm है।
यानी Terrano न सिर्फ लंबाई में बल्कि व्हीलबेस के मामले में भी Fortuner से आगे है। इसका बड़ा साइज इसे एक दमदार और प्रीमियम SUV का रूप देता है।
ऑफ-रोडिंग के लिए तैयार होगी SUV
Nissan Terrano को लैडर-फ्रेम प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। यह वही आर्किटेक्चर है जिसका इस्तेमाल चीन में बिकने वाले Nissan Frontier Pro पिकअप में किया जाता है। इसकी टोइंग क्षमता 2,500 किलोग्राम बताई गई है, जो सभी वेरिएंट में समान रहेगी।
SUV के साथ ग्राहकों को कई एक्सेसरीज के विकल्प भी मिल सकते हैं। इनमें टो हिच, साइड स्टेप्स, सनरूफ, अलग डिजाइन वाले बंपर, खास अलॉय व्हील्स और रियर स्पॉइलर शामिल हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके केबिन और इंटीरियर से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है।
पेट्रोल और डीजल इंजन के मिलेंगे विकल्प
Nissan Terrano को पेट्रोल, डीजल और प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) पावरट्रेन के साथ पेश किया जा सकता है।
इसके पेट्रोल मॉडल में 2.0-लीटर टर्बो इंजन मिलेगा, जो 258PS की पावर जनरेट करेगा। वहीं, डीजल वेरिएंट में 2.3-लीटर, 4-सिलेंडर टर्बो इंजन दिया जाएगा। इसकी पावर 190PS होगी। दोनों पेट्रोल और डीजल मॉडल की टॉप स्पीड 170kmph बताई गई है।
PHEV मॉडल में मिलेगी ज्यादा पावर
Nissan Terrano का प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन भी खास होने वाला है। इसमें 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो 207PS की पावर पैदा करेगा। इसके साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर भी मिलेगी, जिसकी क्षमता 78PS है।
दोनों को मिलाकर SUV का कुल आउटपुट 272PS बताया गया है। इसमें LFP बैटरी का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तरह ग्राहकों को पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक पावर का फायदा भी मिलेगा।
ये भी पढ़ें- लग्जरी इलेक्ट्रिक कार खरीदने वालों के लिए खुशखबरी! लॉन्च होने जा रही नई MINI Cooper SE
भारत में कब लॉन्च हो सकती है Nissan Terrano?
फिलहाल Nissan ने भारत में नई Terrano को लॉन्च करने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कंपनी भारतीय बाजार के लिए इस SUV पर विचार कर रही है।
अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो Nissan Terrano को भारत में 2027 या 2028 तक लॉन्च किया जा सकता है। देश में CAFE एमिशन नियमों के सख्त होने के चलते कंपनी इसके PHEV वर्जन को भी भारतीय बाजार में उतार सकती है।
अगर Terrano भारत आती है, तो इसका मुकाबला Toyota Fortuner जैसी बड़ी लैडर-फ्रेम SUVs से हो सकता है। हालांकि, इसकी कीमत, फीचर्स और लॉन्च टाइमलाइन को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।