Agra bah seat: ब्रज की धरती आगरा ताजमहल की पहचान के साथ-साथ सियासत के लिहाज से भी उत्तर प्रदेश का एक अहम जिला है। यहां शहर की राजनीति है, तो देहात के अपने मुद्दे। कहीं व्यापारियों और शहरी मतदाताओं का प्रभाव है, तो कहीं किसान, जाट, ठाकुर, दलित और पिछड़े वर्गों का समीकरण चुनावी नतीजों को प्रभावित करता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जिले की सभी नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन 2027 की राह में उसके सामने अपनी इस बढ़त को कायम रखने की चुनौती होगी।

आगरा जिले में कुल 9 विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें एत्मादपुर, आगरा कैंट, आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह शामिल हैं। इनमें आगरा कैंट और आगरा ग्रामीण अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें हैं।


बाह की सियासत का मिजाज आगरा शहर से काफी अलग है। यहां भदावर राजघराने का ऐतिहासिक प्रभाव रहा है और स्थानीय राजनीतिक चेहरे चुनावी समीकरणों में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। ठाकुर और ब्राह्मण मतदाताओं की बड़ी संख्या के साथ निषाद और जाटव समाज भी नतीजों को प्रभावित करने की ताकत रखते हैं।

चंबल और यमुना के बीहड़, खेती-किसानी, सिंचाई, सड़क और गांवों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच यहां के बड़े मुद्दे हैं। 2027 में बीजेपी के सामने अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने, जबकि विपक्ष के सामने इन सामाजिक समीकरणों को अपने पक्ष में करने की चुनौती होगी।

पूर्व चुनावों पर एक नजर

बाह विधानसभा में 2007 में बीएसपी के मधुसूदन शर्मा ने बीजेपी के राजा महेंद्र अरिदमन सिंह को 4,623 वोटों से हराया। 2012 में सपा के राजा महेंद्र अरिदमन सिंह ने बीएसपी के मधुसूदन शर्मा को 26,471 वोटों से शिकस्त दी। 2017 में बीजेपी की रानी पक्षालिका सिंह ने बीएसपी के मधुसूदन शर्मा को 23,140 वोटों से हराया।

2022 में बीजेपी की रानी पक्षालिका सिंह ने सपा के मधुसूदन शर्मा को 24,235 वोटों से शिकस्त दी। जातीय समीकरणों में ठाकुर और ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या करीब 80-80 हजार बताई जाती है।

निषाद और जाटव मतदाताओं की संख्या भी लगभग 40-40 हजार के आसपास आंकी जाती है। सिंचाई, पेयजल, ग्रामीण सड़कें, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बीहड़ क्षेत्र का विकास यहां के प्रमुख स्थानीय मुद्दे हैं।

बाह विधानसभा का चुनावी इतिहास

वर्ष 2007 के चुनावी परिणाम

विजेता- मधुसूदन शर्मा (बीएसपी)
उपविजेता- राजा महेंद्र अरिदमन सिंह (बीजेपी)
जीत का अंतर- 4,623 वोट

वर्ष 2012 के चुनावी परिणाम

विजेता- राजा महेंद्र अरिदमन सिंह (एसपी)
उपविजेता- मधुसूदन शर्मा (बीएसपी)
जीत का अंतर- 26,471 वोट

वर्ष 2017 के चुनावी परिणाम

विजेता- रानी पक्षालिका सिंह (बीजेपी)
उपविजेता- मधुसूदन शर्मा (बीएसपी)
जीत का अंतर- 23,140 वोट

वर्ष 2022 के चुनावी परिणाम

विजेता- रानी पक्षालिका सिंह (बीजेपी)
उपविजेता- मधुसूदन शर्मा (एसपी)
जीत का अंतर- 24,235 वोट

बाह विधानसभा के जातीय समीकरण

प्रमुख प्रभावशाली समुदाय

ठाकुर / क्षत्रिय- लगभग 80 हजार
ब्राह्मण- लगभग 80 हजार
अन्य निर्णायक समुदाय
निषाद- लगभग 40 हजार
जाटव- लगभग 40 हजार

बाह विधानसभा के स्थानीय मुद्दे

सिंचाई और पेयजल: खेती और पीने का पानी यहां की प्रमुख समस्या हैं। किसानों के लिए सिंचाई और घरों में पीने का उचित पानी एक बड़ा चुनावी मुद्दा है।

ग्रामीण सड़कें: यमुना और चंबल के आसपास बसे गांवों में जलस्तर बढ़ने से आवागमन प्रभावित होता है। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता है। बाढ़ से बचाव, सुरक्षित पुल और वैकल्पिक रास्ते बड़ी जरूरत हैं।

स्वास्थ्य और शिक्षा: बाह और पिनाहट क्षेत्र में बड़े सरकारी अस्पताल और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए आगरा या दूसरे शहरों तक जाना पड़ता है।

रोजगार और बीहड़ क्षेत्र का विकास: क्षेत्र में बड़े उद्योग और रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं। रोजगार की तलाश में युवाओं को दिल्ली, आगरा और अन्य शहरों की ओर पलायन करना पड़ता है। सुनसार, झरनापुर, गुढ़ा, गुढ़ियाना, रानीपुरा और भरतार जैसे गांवों में सड़क संपर्क की समस्या प्रमुख है। बारिश में कच्चे रास्ते कीचड़ और दलदल में बदल जाते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होता है।

बाह विधानसभा का राजनीतिक संदर्भ

बाह में पिछले दो चुनावों से बीजेपी की रानी पक्षालिका सिंह ने जीत दर्ज की है। लेकिन ग्रामीण विकास, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल इस सीट पर भी अहम रहेंगे। अब आगरा जिले की सभी नौ सीटों का चुनावी मिजाज सामने है। 2022 में बीजेपी ने क्लीन स्वीप किया था। लेकिन 2027 में क्या वह अपना यह प्रदर्शन दोहरा पाएगी, या विपक्ष इस बार मुकाबले को नया मोड़ देगा। इसका जवाब आने वाले चुनाव में मिलेगा।

फिलहाल बाह विधानसभा में 2027 की चुनावी तस्वीर का सबसे अहम सवाल यही है कि क्या मतदाता विकास और मौजूदा विधायक के कामकाज के आधार पर फिर भाजपा को मौका देंगे या इस बार बदलाव का जनादेश सामने आएगा? इसका फैसला चुनाव परिणाम ही करेंगे।