भारत में जब भी किफायती 7-सीटर फैमिली कारों की चर्चा होती है, मारुति सुजुकी अर्टिगा का नाम सबसे पहले लिया जाता है। खासकर इसका CNG वर्जन लंबे समय से उन ग्राहकों के बीच लोकप्रिय रहा है, जो कम रनिंग कॉस्ट के साथ ज्यादा सीटिंग चाहते हैं। हालांकि, अब इस सेगमेंट में मुकाबला और दिलचस्प होने वाला है। किआ इंडिया ने अपनी लोकप्रिय MPV Carens और नई Carens Clavis को फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प के साथ बाजार में उतार दिया है।
कंपनी ने इन CNG मॉडल्स की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.11 लाख रुपये तय की है। ज्यादा स्पेस, प्रीमियम केबिन और आधुनिक फीचर्स के लिए पहचानी जाने वाली इन MPVs में CNG तकनीक जुड़ने से ग्राहकों को कम ईंधन खर्च का विकल्प भी मिलेगा। आइए जानते हैं इन दोनों CNG MPVs की कीमत, वेरिएंट, इंजन और प्रमुख फीचर्स के बारे में।
Kia Carens CNG और Carens Clavis CNG की कीमत
किआ ने Carens CNG को सिर्फ एक ट्रिम में पेश किया है। इसका Premium O वेरिएंट 12,11,800 रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर उपलब्ध है। वहीं, Carens Clavis CNG को दो वेरिएंट HTE और HTE O में लॉन्च किया गया है।
इसके HTE वेरिएंट की शुरुआती कीमत 12,38,800 रुपये है, जबकि HTE O ट्रिम के लिए 13,34,800 रुपये तक खर्च करने होंगे। कंपनी के अनुसार, CNG वर्जन अपने संबंधित पेट्रोल मॉडल्स की तुलना में करीब 99,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक महंगे हैं।
60-लीटर CNG टैंक के साथ 1.5-लीटर इंजन
दोनों MPVs में 1.5-लीटर Smartstream नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया गया है। CNG पर चलने के दौरान यह इंजन 96 PS की अधिकतम पावर और 123 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है। पावरट्रेन को 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है।
CNG सिस्टम के लिए 60 लीटर क्षमता का टैंक लगाया गया है, जिसे बूट के निचले हिस्से में जगह दी गई है। खास बात यह है कि CNG टैंक की फिटिंग के बावजूद स्पेयर व्हील को वाहन के नीचे ही रखा गया है, जिससे केबिन में अतिरिक्त जगह प्रभावित नहीं होती। किआ का दावा है कि नया CNG सेटअप करीब 22 से 25 किमी/किलोग्राम तक का माइलेज देने में सक्षम है। वास्तविक माइलेज ड्राइविंग कंडीशन, ट्रैफिक और इस्तेमाल के तरीके के आधार पर अलग हो सकता है।
CNG के लिए सस्पेंशन में किए गए बदलाव
CNG सिस्टम के अतिरिक्त वजन को ध्यान में रखते हुए किआ ने दोनों MPVs के सस्पेंशन सेटअप में जरूरी बदलाव किए हैं। साथ ही, फ्रंट एक्सल पर 16-इंच डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। तीसरी कतार में बैठने वाले यात्रियों के आराम को भी ध्यान में रखा गया है। इसके लिए थर्ड-रो सीटों के बैकरेस्ट के रीक्लाइन एंगल को बेहतर किया गया है।
ड्राइवर को पेट्रोल और CNG के बीच ईंधन मोड बदलने के लिए अलग स्विच मिलता है। वहीं, 4.2-इंच डिजिटल TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में CNG से संबंधित जरूरी जानकारी भी प्रदर्शित होती है।
फीचर्स और सेफ्टी में क्या मिलेगा?
फीचर्स की बात करें तो CNG वर्जन में डिजिटल इंफोटेनमेंट सिस्टम और रियर AC वेंट्स जैसे सुविधाजनक फीचर्स मिलते हैं। सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग, ABS और चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं। यानी CNG तकनीक जोड़ने के बावजूद कंपनी ने इसे सिर्फ बेहतर माइलेज वाले मॉडल के तौर पर पेश नहीं किया है, बल्कि इसमें फैमिली यूज को ध्यान में रखते हुए आराम और सुरक्षा से जुड़े फीचर्स भी दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- ट्रिपल स्क्रीन और 600km रेंज के साथ Tata की ये SUV मचाएंगी तहलका, जानिए फीचर्स और कीमत
Maruti Ertiga CNG के सामने कितना बड़ा मुकाबला?
मारुति सुजुकी अर्टिगा CNG की कीमत करीब 10.94 लाख रुपये से शुरू होकर 12 लाख रुपये तक जाती है। इस लिहाज से Kia Carens CNG की शुरुआती कीमत ज्यादा है। हालांकि, दोनों मॉडल्स के बीच कीमत के साथ-साथ आकार, केबिन स्पेस, फीचर्स और पावरट्रेन में भी अंतर है। किआ की CNG MPV ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर, 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और कई आधुनिक सुविधाओं के साथ आती है।
ऐसे ग्राहक जो अर्टिगा की तुलना में थोड़ा ज्यादा बजट रखते हैं और CNG के साथ बड़ी, ज्यादा प्रीमियम और फीचर-रिच 7-सीटर MPV चाहते हैं, उनके लिए Carens CNG और Carens Clavis CNG एक नया विकल्प पेश करती हैं।