Tata Motors जल्द ही अपनी लोकप्रिय 7-सीटर SUV Safari का इलेक्ट्रिक वर्जन बाजार में उतार सकती है। Tata Safari EV को हाल ही में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिसके बाद इसकी डिजाइन, केबिन और संभावित फीचर्स को लेकर कई जानकारियां सामने आई हैं। टेस्टिंग मॉडल की सबसे खास बात इसका ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड है। इसके अलावा SUV में बड़ी बैटरी, लंबी ड्राइविंग रेंज और एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी मिलने की उम्मीद है।

ट्रिपल स्क्रीन से लैस हो सकता है केबिन

टेस्टिंग मॉडल की तस्वीरों में Safari EV के डैशबोर्ड पर तीन डिस्प्ले दिखाई दी हैं। इनमें ड्राइवर के लिए डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, सेंटर में इंफोटेनमेंट स्क्रीन और फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग डिस्प्ले शामिल है। इस तरह का सेटअप Tata की नई Sierra में भी देखने को मिला है।

हाई-टेक लुक में नजर आ सकती है Safari EV

अगर प्रोडक्शन मॉडल में यह फीचर शामिल किया जाता है, तो Safari EV अपने सेगमेंट की ज्यादा टेक्नोलॉजी-फोकस्ड SUVs में शामिल हो सकती है। केबिन में प्रीमियम फिनिश और मौजूदा Safari से ज्यादा आधुनिक लेआउट मिलने की भी उम्मीद है।

7-सीटर SUV के साथ बड़ा और दमदार डिजाइन

डिजाइन के मामले में Safari EV में मौजूदा Safari की SUV पहचान को बरकरार रखा जा सकता है। टेस्ट कार में सीधा रियर प्रोफाइल, रूफ रेल्स और रूफ-माउंटेड स्पॉइलर जैसी चीजें नजर आई हैं। यह तीन रो वाली 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV होगी, इसलिए इसमें परिवार के लिए पर्याप्त केबिन स्पेस मिलने की उम्मीद है।

ADAS और 540-डिग्री कैमरा समेत कई फीचर्स

Safari EV में Tata Harrier EV से जुड़े कई फीचर्स दिए जा सकते हैं। संभावित फीचर्स में डिजिटल IRVM, डैशकैम, 540-डिग्री कैमरा सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और JBL ऑडियो सिस्टम शामिल हैं। इसके अलावा SUV में Level-2 ADAS और ऑटो पार्क असिस्ट जैसी सुविधाएं भी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने अभी इन सभी फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

75 kWh तक की बैटरी और 600km से ज्यादा रेंज

Safari EV को Tata के Acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर तैयार किए जाने की संभावना है। इसी प्लेटफॉर्म पर Harrier EV भी आधारित है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Safari EV में 65 kWh और 75 kWh के बैटरी पैक विकल्प मिल सकते हैं। Harrier EV के 75 kWh RWD मॉडल की सर्टिफाइड रेंज 627 किलोमीटर और QWD वर्जन की 622 किलोमीटर बताई गई है। Safari EV का वजन और 7-सीटर बॉडी अलग होने के कारण इसकी रेंज कुछ कम या ज्यादा हो सकती है। फिलहाल SUV से करीब 600 किलोमीटर या उससे अधिक की रेंज की उम्मीद की जा रही है।

V2L और फास्ट चार्जिंग की सुविधा

Safari EV में V2L यानी Vehicle-to-Load फीचर भी दिया जा सकता है। इससे कार की बैटरी का इस्तेमाल बाहरी इलेक्ट्रिक डिवाइस चलाने के लिए किया जा सकेगा। इसके अलावा Vehicle-to-Vehicle पावर शेयरिंग का विकल्प भी मिलने की संभावना है। फास्ट चार्जिंग के लिए इसमें Harrier EV जैसी तकनीक मिलने की उम्मीद है। Harrier EV के 75 kWh बैटरी पैक को 120 kW DC फास्ट चार्जर से 20 से 80 प्रतिशत तक करीब 25 मिनट में चार्ज करने का दावा किया गया है।

 

ये भी पढ़ें- जापान में बजा भारत की कारों का डंका, इस कंपनी ने पार किया 1 लाख एक्सपोर्ट का आंकड़ा

Harrier EV से ज्यादा हो सकती है कीमत

Harrier EV की मौजूदा एक्स-शोरूम कीमत करीब 21.79 लाख रुपये से 30.54 लाख रुपये के बीच है। Safari EV में अतिरिक्त सीटिंग रो और प्रीमियम फीचर्स को देखते हुए इसकी कीमत इससे ऊपर रखी जा सकती है। हालांकि, Tata Motors ने अभी इसकी कीमत और लॉन्च डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। टेस्टिंग मॉडल से साफ संकेत मिलता है कि Safari EV को प्रीमियम 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV के तौर पर तैयार किया जा रहा है। ट्रिपल स्क्रीन, बड़ी बैटरी, लंबी रेंज और एडवांस सेफ्टी फीचर्स इसे Tata के इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में एक महत्वपूर्ण मॉडल बना सकते हैं।