UP Assembly Election 2027: 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को साधने के लिए कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। बता दें कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अब केवल कागजी रणनीतियों से आगे बढ़कर संगठन में बड़े और कड़े बदलाव ('सर्जरी') करने के मूड में है। जल्द ही प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, वहीं निष्क्रिय चल रहे जिला और शहर अध्यक्षों की छुट्टी होना तय माना जा रहा है।

दिल्ली में समीक्षा बैठक: राहुल-खरगे की दो टूक
नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में हुई 'संगठन सृजन अभियान' की समीक्षा बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने साफ रणनीति जाहिर की। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि संगठन में केवल काम करने वाले और सक्रिय चेहरों को ही जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने संगठन सृजन अभियान के अगले चरण को इसी हफ्ते शुरू करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नए सह-प्रभारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने-अपने आवंटित जिलों का दौरा कर जिला व शहर अध्यक्षों की कार्यशैली की समीक्षा करें और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करें।

6 सह-प्रभारियों को सौंपी कमान, जोनवार बंटवारा लागू
संगठन को रफ्तार देने के लिए हाल ही में नियुक्त 6 सह-प्रभारियों को अलग-अलग जोन्स का प्रभार सौंप दिया गया है। ये सभी नेता अगले एक महीने में अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को सौंपेंगे, जिसे बाद में केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
अवध जोन (11 जिले): अब्दुल हन्नान
पूर्वांचल जोन (12 जिले): अभिषेक दत्त
प्रयागराज जोन (12 जिले): वरुण चौधरी
बुंदेलखंड जोन (13 जिले): जगदीश चंद्र जांगिड
ब्रज जोन (13 जिले): कुनाल चौधरी
पश्चिम जोन (14 जिले): संजीव आर्या

बदलाव के मायने
गौरतलब है कि आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने 26 जून को तत्कालीन प्रभारी अविनाश पांडेय की जगह राजेंद्र पाल गौतम को नया प्रदेश प्रभारी बनाया था। पार्टी का यह आक्रामक रुख साफ संदेश दे रहा है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में निचले स्तर तक कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना चाहती है, ताकि 2027 में सीधी और मजबूत भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

और पढे़ं:  

2027 चुनाव की तैयारी में जुटी BJP, यूपी के 4 मंडलों पर खास फोकस; तैयार हुआ बड़ा ब्लूप्रिंट

यूपी सियासत में करणी सेना का बड़ा धमाका! 2027 के चुनाव में उतारेगी उम्मीदवार, योगी सरकार पर दागे तीखे सवाल

Written by Shailesh Yadav