Abhijeet Deepke: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को सत्तारूढ़ NDA में शामिल होने का न्योता मिलने के बाद अब उनकी प्रतिक्रिया सामने आई है। केंद्रीय मंत्री और RPI(A) प्रमुख रामदास आठवले ने दीपके को अपनी पार्टी में शामिल होने का सुझाव दिया था। इसके जवाब में दीपके ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि एक महीने पहले तक उन्हें ‘एंटी नेशनल’ कहा जा रहा था।
दीपके ने NDA से मिले ऑफर से जुड़ी खबर को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा कि पर अभी एक महीने पहले तो मैं एंटी-नेशनल था तुम्हारे लिए?
रामदास आठवले ने दिया था पार्टी में आने का न्योता
इससे पहले केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने अभिजीत दीपके की तारीफ करते हुए उन्हें रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) यानी RPI(A) में शामिल होने का न्योता दिया था। आठवले ने कहा था कि दीपके आंबेडकरवादी हैं और युवा व सक्रिय हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि दीपके को डॉ। बाबासाहेब आंबेडकर के सपनों को पूरा करने और समाज व पार्टी को मजबूत करने के लिए RPI(A) में शामिल होने पर विचार करना चाहिए।
आठवले ने दीपके के पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह भी आंदोलनों के जरिए राजनीति में आए हैं और दीपके के अनुभव का पार्टी में इस्तेमाल किया जा सकता है।
‘कॉकरोच जनता पार्टी चलाने का कोई फायदा नहीं’
रामदास आठवले ने अभिजीत दीपके को अरविंद केजरीवाल के साथ ज्यादा न रहने और रिपब्लिकन पार्टी की टीम में आने की सलाह भी दी थी। उन्होंने कहा था कि दीपके के अनुभव का इस्तेमाल पार्टी को मजबूत करने में किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने CJP को लेकर भी टिप्पणी की थी। आठवले की इसी पेशकश पर अब दीपके ने पुरानी बात याद दिलाते हुए पलटवार किया है।
जंतर-मंतर आंदोलन के बाद सुर्खियों में आए दीपके
अभिजीत दीपके हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान चर्चा में आए थे। CJP के नेतृत्व में हजारों छात्रों ने कथित नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर लंबे समय तक आंदोलन किया था। दीपके का दावा है कि आंदोलन के दौरान उन्हें और उनकी टीम को निशाना बनाया गया और उनके लिए ‘एंटी नेशनल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। आंदोलन के बाद CJP ने इसे अपनी बड़ी जीत के तौर पर पेश किया।
क्या राजनीति में आएंगे अभिजीत दीपके?
अभिजीत दीपके पहले कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि CJP फिलहाल चुनावी राजनीति में उतरने की तैयारी नहीं कर रही है। उनके मुताबिक, संगठन अभी ‘प्रेशर ग्रुप’ के तौर पर काम करेगा और देशहित से जुड़े मुद्दों को उठाएगा। CJP की ओर से महाराष्ट्र में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान भी शुरू किया गया है।
इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में सुधार के लिए दबाव बनाना बताया गया है। ऐसे में NDA की ओर से मिले राजनीतिक न्योते पर दीपके का तंज यह संकेत देता है कि फिलहाल वह सीधे चुनावी राजनीति में जाने के बजाय सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर दबाव समूह के रूप में सक्रिय रहना चाहते हैं।
और पढ़ें: दिल्ली जल बोर्ड घोटाला: AAP नेता सत्येंद्र जैन समेत छह गिरफ्तार, टेंडर में गड़बड़ी और रिश्वत के आरोप
Written by Shailesh Yadav