Bangladesh: पड़ोसी मुल्क में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर सरकारी कार्रवाई लगातार जारी है। पार्टी की गतिविधियों पर प्रतिबंध के बाद पुलिस अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही है और पार्टी से जुड़े लोगों की गिरफ्तारियां भी हो रही हैं। हाल के दिनों में ढाका समेत कई जगहों पर अवामी लीग के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
सबसे ताजा मामलों में ढाका पुलिस ने अवामी लीग की एक महिला नेता को गिरफ्तार किया है। बांग्लादेश संगबाद संस्था के मुताबिक, 44 वर्षीय शर्मिन सुल्ताना सरमी को लालबाग इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह छात्र लीग और युवा महिला लीग से भी जुड़ी रही हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया।
ढाका में दर्जनों कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी
इससे पहले 30 सितंबर को ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर अवामी लीग के 40 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।
वहीं सितंबर में गुलशन इलाके में अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के एक जुलूस के मामले में गिरफ्तारियों का आंकड़ा बढ़कर 179 तक पहुंच गया था। पुलिस का आरोप था कि जुलूस के दौरान नारेबाजी के साथ कथित तौर पर क्रूड बम भी फोड़े गए। इस मामले में एंटी-टेररिज्म एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
अवामी लीग की गतिविधियों पर क्यों लगा है प्रतिबंध?
अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर मई 2025 में प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बाद पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रम, सभाएं और संगठनात्मक गतिविधियां रोक दी गईं। सरकार ने यह कार्रवाई 2024 के आंदोलन के दौरान हिंसा और गंभीर अपराधों के आरोपों के संदर्भ में की थी।
इसी वजह से जब भी अवामी लीग से जुड़े लोगों की बैठक या जुलूस की जानकारी पुलिस को मिलती है, तो सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो जाती हैं।
एक बैठक के बाद करीब 300 लोग हिरासत में
26 सितंबर को ढाका के गुलिस्तान इलाके में एक अन्य घटना ने भी काफी सुर्खियां बटोरीं। पुलिस ने जातीय समाजतांत्रिक दल (Jasad) के कार्यालय से करीब 280-300 लोगों को हिरासत में लिया था। पुलिस को शक था कि वहां प्रतिबंधित अवामी लीग से जुड़े लोग मौजूद थे।
पुलिस ने कहा कि पहले यह पता लगाया जा रहा था कि हिरासत में लिए गए लोग बैठक में क्यों शामिल हुए थे और उनकी भूमिका क्या थी। हालांकि Jasad ने कहा कि यह उसकी निर्धारित बैठक थी और उसने अवामी लीग की किसी गुप्त बैठक के आरोप से इनकार किया।
यह भी पढ़े - अवामी लीग पार्टी के कार्यकर्ताओं पर Bangladesh सरकार का तगड़ा एक्शन, दर्जनों गिरफ्तार, जानें सबकुछ