लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार 6, अक्टूबर को लखनऊ स्थित विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।
BJP के इन 8 उम्मीदवारों ने भरा नामांकन पत्र
नामांकन पत्र जमा करने वाले भाजपा उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडे, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं। पार्टी ने इन उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष ध्यान दिया गया है।
मौर्य ने आठों उम्मीदवारों के जीतने का किया दावा
नामांकन के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा करते हुए कहा कि, "बीजेपी के सभी आठ उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव जीतेंगे; चाहे एसपी तीसरा उम्मीदवार उतारे या नहीं, बीजेपी ही जीतेगी। बीजेपी 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना को अपनाती है और अगड़ी, पिछड़ी और अनुसूचित जातियों का प्रतिनिधित्व करने वाले उम्मीदवारों की 'त्रिवेणी' (संगम) पेश करती है; पार्टी ने बेहतरीन उम्मीदवार उतारे हैं और वे सभी जीतने वाले हैं।" इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव पर भी राजनीतिक टिप्पणी की।
2027 के UP विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर चयन
इस बीच, समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी को उम्मीदवार बनाया है। सपा द्वारा तीसरा उम्मीदवार न उतारे जाने के संकेत मिलने के बाद चुनावी मुकाबला लगभग एकतरफा माना जा रहा है और सभी 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन की संभावना बढ़ गई है। भाजपा के उम्मीदवारों में ओबीसी, दलित, ब्राह्मण और ठाकुर समुदायों का प्रतिनिधित्व शामिल है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह चयन 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि विभिन्न सामाजिक वर्गों में पार्टी की पकड़ मजबूत बनी रहे। राज्यसभा की इन सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर 2026 को होना है। यदि कोई नया उम्मीदवार मैदान में नहीं आता है, तो भाजपा और सपा के घोषित उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें-फ्लाईदुबई विमान हमला: कैप्टन स्मित मच्छार के सिर की हड्डी टूटी, सऊदी अरब में इमरजेंसी सर्जरी