फेस्टिव सीजन में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर जहां कई तरह के डिस्काउंट और ऑफर्स मिल रहे हैं, वहीं Adobe ने छात्रों के लिए एक खास ऑफर पेश किया है। इस ऑफर के तहत योग्य छात्र भारत में Adobe Photoshop का एक साल का सब्सक्रिप्शन बिना किसी सब्सक्रिप्शन फीस के ले सकते हैं। हालांकि, यह ऑफर सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। इसका लाभ लेने के लिए छात्रों को अपनी कॉलेज से जुड़ी जानकारी देनी होगी।

पहले साल नहीं देनी होगी सब्सक्रिप्शन फीस

Adobe के इस ऑफर में योग्य छात्रों को Photoshop का सालाना प्लान पहले 12 महीनों के लिए फ्री मिलेगा। आम तौर पर इस प्लान की कीमत 1,999 रुपये प्रति साल बताई गई है, लेकिन ऑफर के तहत पात्र छात्रों को चेकआउट के समय 0 रुपये का भुगतान करना होगा। यानी छात्र एक साल तक Photoshop के प्रो एडिटिंग फीचर्स का इस्तेमाल बिना सब्सक्रिप्शन फीस के कर सकेंगे।

12 महीने बाद अपने आप होगा रिन्यू

इस ऑफर की एक अहम शर्त ऑटो-रिन्यूअल है। 12 महीने की फ्री अवधि पूरी होने के बाद प्लान 1,999 रुपये सालाना की कीमत पर अपने आप रिन्यू हो सकता है। अगर छात्र अगले साल इसका इस्तेमाल जारी नहीं रखना चाहते हैं, तो उन्हें फ्री अवधि खत्म होने से पहले सब्सक्रिप्शन कैंसल करना होगा। Adobe के मुताबिक, यह ऑफर बिना किसी पूर्व सूचना के खत्म भी किया जा सकता है।

ऐसे मिलेगा फ्री Photoshop

ऑफर का लाभ लेने के लिए सबसे पहले Adobe की Photoshop छात्र ऑफर वाली वेबसाइट पर जाकर चेकआउट शुरू करना होगा। इसके बाद Adobe अकाउंट से लॉगिन करें या ईमेल आईडी की मदद से नया अकाउंट बनाएं। चेकआउट के दौरान UPI को पेमेंट विकल्प के तौर पर चुनकर मांगी गई कॉलेज संबंधी जानकारी दर्ज करनी होगी।

UPI AutoPay करना होगा एक्टिव

इसके बाद UPI ऐप में जाकर AutoPay की अनुमति पूरी करनी होगी। इस प्रक्रिया के दौरान करीब 2 रुपये का टोकन अमाउंट लिया जा सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद Photoshop का सब्सक्रिप्शन अगले 12 महीनों के लिए एक्टिव हो जाएगा। इसके बाद डेस्कटॉप पर Adobe Creative Cloud ऐप के जरिए Photoshop डाउनलोड कर इस्तेमाल किया जा सकेगा।

ये भी पढ़ें: घर पर बनाएं कटहल के कोफ्ते की स्वादिष्ट सब्जी, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाने का मन करे!