Google Maps इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को आने वाले दिनों में ऐप का बदला हुआ डिजाइन देखने को मिल सकता है। दरअसल, Google अपने नेविगेशन ऐप के लिए एक नए High-Visibility Mode की टेस्टिंग कर रहा है। इस फीचर के आने से मैप पर दिखाई देने वाली सड़कों, पानी और हरियाली वाले हिस्सों के रंग बदल जाएंगे। खास बात यह है कि नया डिजाइन लाइट और डार्क दोनों मोड में काम कर सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी इस फीचर को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

Android ऐप में दिखा नया ऑप्शन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Google Maps के Android ऐप के वर्जन 26.48.00.1027729593 में इस नए फीचर के संकेत मिले हैं। बताया जा रहा है कि इसे ऐप के Map Style सेक्शन में देखा गया है। यहां यूजर्स को मौजूदा Standard मोड के अलावा High-Visibility Mode का विकल्प भी मिल सकता है।

इस मोड को चुनने के बाद मैप का लेआउट पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन अलग-अलग जगहों को पहचानने के लिए इस्तेमाल होने वाले रंग बदल जाएंगे। इससे रास्तों और आसपास की जगहों को देखना पहले से अलग हो सकता है।

Dark Mode में दिखेगा बड़ा बदलाव

नए फीचर का सबसे ज्यादा असर डार्क मोड में नजर आ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें मैप का बैकग्राउंड काफी गहरा, लगभग काला दिखाई देगा। वहीं, रास्ता दिखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नीली-हरी लाइन की जगह पर्पल रंग की लाइन नजर आ सकती है।

इसके अलावा, रूट के अंदर हल्के लैवेंडर रंग का इस्तेमाल किया गया है। नदियों, झीलों और पार्क जैसे हरे-भरे हिस्सों के रंगों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, सड़कों और दूसरी जगहों के नाम पहले की तरह पढ़ने में आसान रहेंगे।

ये भी पढ़ें- Jio के नए Happy New Year 2.0 प्लान लॉन्च, 399 की रिचार्ज में मिलेंगे ये फायदे

नेविगेशन के काम करने के तरीके में नहीं होगा बदलाव

High-Visibility Mode से फिलहाल Google Maps के काम करने के तरीके में किसी बड़े बदलाव की जानकारी नहीं है। यानी रास्ता बताने वाले निर्देश, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और स्क्रीन के नीचे दिखने वाला जानकारी पैनल पहले की तरह ही काम करेंगे।

फिलहाल यह बदलाव सिर्फ मैप के रंग और उसके दिखने के तरीके से जुड़ा हुआ है। Google ने अभी तक इस फीचर को आधिकारिक रूप से लॉन्च नहीं किया है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि इसे सभी यूजर्स के लिए कब तक उपलब्ध कराया जाएगा।