देश में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के बीच सरकारी डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। भारत समेत 9 देशों में इस्तेमाल होने वाले सरकारी सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म DIGIT में गंभीर सुरक्षा खामी सामने आई है। इस खामी का फायदा उठाकर साइबर हमलावर बिना लॉगिन किए सरकारी डेटाबेस तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। इससे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, टैक्स वसूली और जल प्रबंधन जैसी जरूरी सेवाओं से जुड़े रिकॉर्ड प्रभावित होने का खतरा है।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने 25 नवंबर 2026 को हाई-रिस्क अलर्ट जारी किया है। एजेंसी ने प्रभावित संस्थानों को सॉफ्टवेयर का सुरक्षित वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी है। हालांकि, अभी इस खामी के जरिए बड़े पैमाने पर डेटा चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है।

क्या है DIGIT प्लेटफॉर्म और कहां होता है इस्तेमाल?

DIGIT एक ओपन-सोर्स डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे eGov Foundation ने विकसित किया है। इसका इस्तेमाल स्थानीय सरकारी निकायों की विभिन्न सेवाओं को डिजिटल तरीके से संचालित करने के लिए किया जाता है।

इस प्लेटफॉर्म के जरिए जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने, टैक्स वसूली, जल प्रबंधन और अन्य नागरिक सेवाओं का संचालन किया जाता है। भारत में 20 हजार से ज्यादा स्थानीय निकाय इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा इंडोनेशिया, नाइजीरिया और श्रीलंका समेत अन्य देशों में भी यह प्लेटफॉर्म उपयोग किया जा रहा है।

यही वजह है कि इस प्लेटफॉर्म में सामने आई सुरक्षा खामी को गंभीर माना जा रहा है। हालांकि, दूसरे देशों में इस खामी के वास्तविक प्रभाव को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

 यह भी पढ़ें:  नालंदा के एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत, शिक्षक की नौकरी लगने की खुशी में रजरप्पा जा रहे थे; रामगढ़ में भीषण हादसा

SQL Injection क्या है और इससे कैसे बढ़ा खतरा?

CERT-In की एडवाइजरी CIVN-2026-0570 के मुताबिक, DIGIT Core के 2.9 वर्जन में SQL Injection नाम की सुरक्षा खामी मौजूद है। यह एक तरह का साइबर अटैक है, जिसमें हमलावर किसी सॉफ्टवेयर की कमजोरी का फायदा उठाकर डेटाबेस में गलत SQL कमांड भेजते हैं।

अगर सिस्टम यूजर से मिलने वाले इनपुट की सही तरीके से जांच नहीं करता, तो हमलावर डेटाबेस तक अनधिकृत पहुंच बना सकते हैं।

इस मामले में खतरा इसलिए ज्यादा है, क्योंकि प्रभावित API के जरिए बिना वैध अकाउंट के भी इस कमजोरी का फायदा उठाए जाने की आशंका जताई गई है। ऐसा होने पर नागरिकों की संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने के अलावा सरकारी रिकॉर्ड में बदलाव करने या उन्हें डिलीट करने का जोखिम भी हो सकता है।

आम नागरिकों का कौन-सा डेटा हो सकता है प्रभावित?

DIGIT प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कई जरूरी सरकारी सेवाओं में होता है। ऐसे में इससे जुड़े डेटाबेस में नागरिकों के प्रमाण पत्र, टैक्स और अन्य प्रशासनिक रिकॉर्ड जैसी जानकारियां हो सकती हैं।

यदि कोई हमलावर इस खामी का फायदा उठाने में सफल होता है, तो इन रिकॉर्ड की गोपनीयता और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। हालांकि, फिलहाल सभी नागरिकों का डेटा लीक होने या किसी बड़े डेटा उल्लंघन की पुष्टि नहीं हुई है।

DIGIT इस्तेमाल करने वाले संस्थानों को क्या करना होगा?

CERT-In ने प्रभावित संस्थानों को DIGIT के नए और सुरक्षित वर्जन 2.9.3 पर अपग्रेड करने की सलाह दी है। प्लेटफॉर्म का रखरखाव करने वाली eGov Foundation की ओर से भी सुरक्षा खामी को ठीक करने के लिए अपडेटेड सोर्स कोड जारी किया गया है।

ऐसे में संबंधित सरकारी संस्थानों के लिए जरूरी है कि वे जल्द से जल्द सुरक्षा अपडेट लागू करें और अपने सिस्टम की जांच करें। समय रहते जरूरी कदम उठाकर संभावित साइबर हमले और नागरिकों के डेटा को नुकसान पहुंचने के खतरे को कम किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: हल्के में न लें शरीर के ये 8 बदलाव, बन सकते हैं हार्ट अटैक और डायबिटीज की वजह