पंजाब के लुधियाना से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर एक फोटो के साथ RIP लिखकर पोस्ट शेयर करने को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हो गया। शुरुआत में हुई मामूली कहासुनी धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि मामला हत्या तक पहुंच गया। आरोप है कि एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर हनी नाम के युवक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हनी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह पूरी वारदात लुधियाना के दरेसी थाना क्षेत्र की बिंद्रा कॉलोनी में हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
RIP पोस्ट को लेकर कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक, बीती रात एक युवक ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की थी, जिसके साथ RIP लिखा हुआ था। इस पोस्ट पर उसके एक दोस्त ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन पोस्ट को लेकर दोनों पक्षों के बीच नाराजगी बनी रही।
यह भी पढ़ें: मोहम्मद शमी की BJP अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात, क्या राजनीति में रखेंगे कदम? तेज हुई अटकलें
बताया जा रहा है कि देर शाम एक बार फिर इसी पोस्ट को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद पोस्ट शेयर करने वाले युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ दूसरे पक्ष के लोगों से मिलने का समय तय किया। रात में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान हनी की मौत
दोनों पक्षों के बीच हुई भिड़ंत के दौरान हनी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल लुधियाना के सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की मां ने भी पुलिस को घटना की जानकारी दी थी।
पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले को लेकर डीसीपी आलम विजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सोशल मीडिया पर RIP लिखी फोटो शेयर करने को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने अपने ही दोस्त पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
डीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ के आधार पर विवाद की पूरी वजह और हत्या से जुड़े घटनाक्रम का पता लगाया जा रहा है। सोशल मीडिया की एक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया।
यह भी पढ़ें: भारत समेत 9 देशों के सरकारी सिस्टम पर साइबर खतरा! बिना लॉगिन डेटा तक पहुंचने का जोखिम, CERT-In ने जारी किया अलर्ट