Agra Metro News: आगरा में मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने यमुना नदी पर बन रहे मेट्रो पुल के सात पिलर का निर्माण पूरा कर लिया है। अब इन पर स्पान रखने का काम शुरू करने की तैयारी है। वहीं, नेशनल हाईवे-19, एमजी रोड, माल रोड और सुल्तानपुरा रोड के कई हिस्सों से बैरिकेडिंग हटाने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। इसके लिए मेट्रो टीम ने सर्वे किया है।
200 करोड़ रुपये से बन रहा यमुना पर मेट्रो पुल
आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर के तहत यमुना नदी पर करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जा रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण करीब तीन महीने तक निर्माण कार्य प्रभावित रहा। इसके बाद काम में तेजी लाने के लिए मजदूरों की संख्या 20 से बढ़ाकर 50 कर दी गई। अब सात पिलर तैयार होने के बाद अगला चरण स्पान और फिर गर्डर रखने का होगा। अधिकारियों के मुताबिक, पुल का निर्माण अगले चार महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है। स्पान रखने का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बन रहा दूसरा कॉरिडोर
शहर में करीब 2,200 करोड़ रुपये की लागत से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यूपीएमआरसी की टीम भगवान टॉकीज चौराहे से कालिंदी विहार तक निर्माण कार्य में जुटी है। वहीं, एमजी रोड और आईएसबीटी से सिकंदरा तक के कुछ हिस्सों में काम पूरा होने की जानकारी दी गई है।
नेशनल हाईवे-19 और एमजी रोड से हट सकती है बैरिकेडिंग
मेट्रो निर्माण के कारण सड़कों पर लगी बैरिकेडिंग से यातायात प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए यूपीएमआरसी की टीम ने नेशनल हाईवे-19, एमजी रोड, माल रोड और सुल्तानपुरा रोड पर सर्वे किया। शनिवार को करीब पांच घंटे तक चले सर्वे में उन स्थानों का आकलन किया गया, जहां से बैरिकेडिंग हटाई जा सकती है। हालांकि, बैरिकेडिंग हटाने का अंतिम फैसला सर्वे और संबंधित अधिकारियों की बैठक के बाद लिया जाएगा।
बैरिकेडिंग हटाने से पहले होगी सड़क की मरम्मत
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, बैरिकेडिंग हटाने से पहले संबंधित सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके साथ ही यातायात और सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम किए जाएंगे, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इस संबंध में अगले दो से तीन दिनों में बैठक प्रस्तावित है। संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र के मुताबिक, दूसरे कॉरिडोर पर काम तेजी से चल रहा है और निर्माण के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की तैयारी भी की जा रही है।
और पढ़ें:
दिल्ली में यमुना पर शुरू होगी क्रूज की सैर, 500 रुपये में लें रिवर सफारी का मजा