Beparwah: बॉलीवुड की आगामी रोमांटिक एक्शन-ड्रामा फ़िल्म को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। यश राज फ़िल्म्स (YRF) ने अपनी नई फ़िल्म के टाइटल का ऐलान कर दिया है।

अली अब्बास ज़फ़र के निर्देशन में बनने वाली इस फ़िल्म का नाम 'बेपरवाह' रखा गया है। फ़िल्म में अभिनेता अहान पांडे और अभिनेत्री शरवरी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। प्रोडक्शन हाउस ने सोमवार को फ़िल्म का टीज़र पोस्टर जारी करते हुए इसके टाइटल का खुलासा किया।

पहली बार साथ दिखेगी अहान-शरवरी की जोड़ी
'बेपरवाह' की सबसे खास बात यह है कि इसमें अहान पांडे और शरवरी पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ नज़र आएंगे। अहान पांडे को फ़िल्म 'सैयारा' से पहचान मिली है, जबकि शरवरी अपनी आगामी फ़िल्म 'अल्फा' को लेकर चर्चा में हैं। ऐसे में दोनों कलाकारों की नई जोड़ी को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है।
फ़िल्म के टाइटल और टीज़र पोस्टर के सामने आने के बाद अब दर्शकों की निगाहें इसके अगले अपडेट पर टिकी हैं। हालांकि, फ़िल्म की कहानी, किरदारों और अन्य कलाकारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। रोमांस और एक्शन के मेल वाली इस फ़िल्म से दर्शकों को एक नई सिनेमाई जोड़ी देखने को मिलेगी।

अली अब्बास जफर की YRF में वापसी
'बेपरवाह' का निर्देशन अली अब्बास ज़फ़र कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण आदित्य चोपड़ा ने यश राज फ़िल्म्स के बैनर तले किया है। इस प्रोजेक्ट के साथ अली अब्बास ज़फ़र एक बार फिर YRF के साथ काम कर रहे हैं।
इससे पहले वह इस प्रोडक्शन हाउस के लिए 'सुल्तान' और 'टाइगर ज़िंदा है' जैसी सफल फ़िल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। इन फ़िल्मों में उनके निर्देशन और एक्शन सीक्वेंस को दर्शकों ने पसंद किया था। ऐसे में 'बेपरवाह' से भी एक दमदार रोमांटिक एक्शन-ड्रामा की उम्मीद की जा रही है।
मार्च 2027 में सिनेमाघरों में होगी रिलीज
यश राज फ़िल्म्स ने फ़िल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। 'बेपरवाह' 26 मार्च, 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टाइटल की घोषणा के साथ ही फ़िल्म को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि अहान पांडे और शरवरी की नई जोड़ी पर्दे पर क्या कमाल दिखाती है और अली अब्बास जफर की यह फ़िल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।
/elle-india/media/post_attachments/3d9bd1e0-020.jpg)
ये भी पढ़ें: भारत से ब्रिटेन तक देसी ऑटो का सफर! विदेशी कपल ने क्यों मंगवाया टुक-टुक?