नई दिल्ली: 19वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन अगले साल पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, तीन दिवसीय यह सम्मेलन 7 से 9 जनवरी 2027 तक चलेगा। सम्मेलन का आयोजन विदेश मंत्रालय और पश्चिम बंगाल सरकार मिलकर करेगी। 

विदेश मंत्रालय ने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान करेंगी और सम्मेलन के समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी। 

दुनिया भर से जुटेंगे प्रवासी भारतीय

प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन भारत और विदेशों में रह रहे भारतीय समुदाय के बीच संपर्क को मजबूत करने का एक प्रमुख मंच है। इस सम्मेलन में विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्य भारत सरकार और देश के लोगों के साथ संवाद करते हैं। साथ ही, अलग-अलग क्षेत्रों में अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा करने का अवसर भी मिलता है। 

इस आयोजन के दौरान युवा प्रवासी भारतीय दिवस का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से प्रवासी भारतीय समुदाय के युवा नेता, उद्यमी, पेशेवर, शिक्षाविद और नवोन्मेषक हिस्सा लेंगे। 

आयोजन से जुड़ी मुख्य बातें:

  • उद्घाटन: इस सम्मेलन का भव्य उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। 
  • समापन और पुरस्कार: समापन सत्र की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी, और वे प्रवासी भारतीय समुदाय को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए 'प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार' से भी नवाजेंगी।                                                                                                                                                                          
  • यूथ पीबीडी (Youth PBD): सम्मेलन में एक विशेष युवा खंड भी होगा, जिसमें दुनिया भर से भारतीय मूल के युवा नेता, उद्यमी, शिक्षाविद, पेशेवर और इनोवेटर्स हिस्सा लेंगे। 

क्यों मनाया जाता है प्रवासी भारतीय दिवस?

प्रवासी भारतीय दिवस हर साल 9 जनवरी को मनाया जाता है। यह दिन महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटने की स्मृति में मनाया जाता है। गांधी 9 जनवरी 1915 को भारत लौटे थे। प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आयोजन अब दो साल में एक बार किया जाता है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इसका उद्देश्य दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय को भारत से जोड़ना और उनके ज्ञान, अनुभव एवं विशेषज्ञता को देश के विकास से जोड़ने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। 

पिछला यानी 18वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 8 से 10 जनवरी 2025 तक भुवनेश्वर, ओडिशा में आयोजित हुआ था। उसका विषय ‘Diaspora’s Contribution to a Viksit Bharat’ था। 

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर महिला पत्रकार से कथित बदसलूकी, राहुल गांधी ने अमित शाह को घेरा