नई दिल्ली: रक्षाबंधन के अवसर पर धार्मिक नेता साध्वी ऋतंभरा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने इस परंपरा को स्नेह, श्रद्धा, देशभक्ति और भारत की सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक बताया।

साध्वी ऋतंभरा ने पीएम मोदी को बांधा रक्षा सूत्र

साध्वी ऋतंभरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बांधा गया रक्षा सूत्र केवल एक पारंपरिक रस्म नहीं है, बल्कि मातृशक्ति के स्नेह, राष्ट्र के प्रति समर्पण और देश की सुरक्षा के संकल्प का भावनात्मक प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि यह रक्षा सूत्र देश के प्रति समर्पण और भारत की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रक्षाबंधन के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पवित्र त्योहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता लेकर आए। साथ ही उन्होंने प्रेम, स्नेह और आपसी विश्वास के रिश्ते को हमेशा मजबूत बनाए रखने की कामना की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने बच्चों-छात्रों के साथ मनाया रक्षाबंधन

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में बच्चों और छात्रों के साथ रक्षाबंधन मनाया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का महत्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेम और देखभाल का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों से पेड़-पौधों की रक्षा करने की अपील भी की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी उपराष्ट्रपति भवन में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया, जहां बच्चों ने उनकी कलाई पर राखी बांधी।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया और ऐसे बच्चों को जीवनभर मुफ्त इंसुलिन उपलब्ध कराने की सरकार की पहल का जिक्र किया।

यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी की किताब से पेंगुइन इंडिया ने क्यों बनाई दूरी? अब दी सफाई, जानें कब रिलीज होगी ‘बिलॉन्गिंग’