आजकल ज्यादातर लोगों की आदत बन गई है कि वे रात में सोते समय मोबाइल फोन अपने पास ही रखते हैं। कोई फोन को तकिए के नीचे रखता है, तो कोई बेड के पास टेबल पर रखकर सोता है। इसकी वजह होती है कि कॉल या मैसेज आने पर तुरंत जानकारी मिल सके। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रात में मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल और उसे बिस्तर के पास रखना आपकी नींद को प्रभावित कर सकता है? फोन की स्क्रीन, लगातार आने वाले नोटिफिकेशन और देर रात तक सोशल मीडिया देखने की आदत से नींद का रूटीन बिगड़ सकता है। इतना ही नहीं, फोन को तकिए के नीचे रखकर चार्ज करना भी खतरनाक हो सकता है।
रात में मोबाइल चलाने से क्यों बिगड़ती है नींद?
रात को सोने से ठीक पहले मोबाइल इस्तेमाल करने से दिमाग को आराम मिलने में समय लगता है। फोन की स्क्रीन से निकलने वाली नीली रोशनी शरीर की प्राकृतिक नींद की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इससे मेलाटोनिन हार्मोन के उत्पादन पर असर पड़ता है। यह हार्मोन शरीर को सोने के लिए तैयार करने में मदद करता है।
इसके अलावा, बार-बार आने वाले मैसेज, कॉल और नोटिफिकेशन के कारण नींद बीच में खुल सकती है। अगर यह आदत लंबे समय तक बनी रहती है, तो सुबह उठने पर थकावट, चिड़चिड़ापन और सुस्ती महसूस हो सकती है। कई बार किसी काम में ध्यान लगाने में भी परेशानी होती है। ऐसे में अच्छी नींद के लिए सोने से कम से कम आधा घंटा पहले मोबाइल से दूरी बनाना फायदेमंद हो सकता है।
तकिए के नीचे मोबाइल रखकर चार्ज करना कितना सही?
अगर आप भी मोबाइल को तकिए के नीचे रखकर चार्ज करते हैं, तो इस आदत को बदलने की जरूरत है। चार्जिंग के समय फोन गर्म हो सकता है। जब फोन तकिए, कंबल या कपड़ों के नीचे रहता है, तो उसकी गर्मी आसानी से बाहर नहीं निकल पाती। इससे ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ सकता है और कुछ परिस्थितियों में आग लगने जैसी दुर्घटना भी हो सकती है।
इसलिए फोन चार्ज करते समय उसे हमेशा खुली और सख्त सतह पर रखें। ध्यान रखें कि मोबाइल के ऊपर तकिया, कंबल या कोई दूसरा कपड़ा न हो। जहां तक मोबाइल रेडिएशन की बात है, इसे लेकर कई तरह के दावे किए जाते हैं, लेकिन सामान्य मोबाइल इस्तेमाल से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों को लेकर उपलब्ध वैज्ञानिक प्रमाणों को समझना जरूरी है।
ये भी पढ़ें- सर्दियों में घूमने जाने का है प्लान...तो सफर पर निकलने से पहले बैग में जरूर रखें ये जरूरी सामान
अच्छी नींद के लिए रात में अपनाएं ये आसान तरीके
रात में मोबाइल की वजह से नींद प्रभावित न हो, इसके लिए अपनी दिनचर्या में कुछ छोटे बदलाव कर सकते हैं।
- सोने से पहले फोन बंद करें:कोशिश करें कि सोने से 30 से 60 मिनट पहले मोबाइल का इस्तेमाल बंद कर दें।
- बिस्तर से दूर रखें फोन: बाइल को तकिए के नीचे रखने के बजाय कमरे में किसी टेबल पर रखें।
- डू नॉट डिस्टर्ब मोड लगाएं: रात में कॉल और मैसेज से नींद खराब होती है, तो इस फीचर का इस्तेमाल करें।
- अलार्म के लिए दूरी बनाएं: अगर मोबाइल में अलार्म लगाकर सोते हैं, तो फोन को बिस्तर से थोड़ी दूर रखें।
सुरक्षित तरीके से चार्ज करें: चार्जिंग के दौरान मोबाइल को खुली और मजबूत सतह पर रखें। उसे तकिए या कंबल के नीचे न रखें।