Mathura News:  यूपी के मथुरा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, श्रद्धालुओं से भरी नाव यमुना में पलटी है। नाव पलटने से अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। नाव में करीब 20 से 25 श्रद्धालु सवार थे। बता दें कि श्रद्धालुओं से भरी नाव पांटून ब्रिज से टकराकर पलट गई। यह पूरी घटना केसी घाट पर हुई है।

अभी तक 22 लोगों का रेस्क्यू

इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है और अभी तक 22 लोगों का रेस्क्यू कर, उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। मथुरा के एसपी ग्रामीण सुरेश चंद रावत ने बताया कि श्रद्धालुओं का दल पंजाब से आया हुआ था। वहीं मौके पर SDRF की टीम मौजूद है। जानकारी के मुताबिक नाव में सवार सभी श्रद्धालु वृंदावन से देवराहा बाबा मांठ जा रहे थे। नाव पलटने की सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

हादसे पर बोले मथुरा SP सुरेश चंद्र रावत

मथुरा के SP सुरेश चंद्र रावत ने इस हादसे के बारे में मीडिया से बातचीत के बारे में बताया कि यमुना नदी में एक नाव पलटने की घटना सामने आई है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। साथ ही सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।

हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का निर्देश दिया है।

 

मथुरा हादसे पर पीएम ने जताया शोक

पीएम मोदी ने मथुरा हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में लिखा, मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

Writen By: Geeta Sharma