सर्दियों का मौसम घूमने-फिरने के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इस मौसम में कुछ लोग पहाड़ों पर बर्फबारी का मजा लेने जाते हैं, तो कुछ परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए किसी दूसरी जगह का रुख करते हैं। हालांकि, सर्दियों में यात्रा करना थोड़ा चुनौती भरा भी हो सकता है। ठंड, घना कोहरा और मौसम में अचानक बदलाव सफर का मजा खराब कर सकते हैं। इसलिए कहीं भी जाने से पहले कुछ जरूरी तैयारियां करना बहुत जरूरी है। अगर आप भी इस सर्दी में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यात्रा पर निकलने से पहले इन बातों का ध्यान रखें।
गर्म कपड़े पैक करना न भूलें
सर्दियों में सफर के दौरान केवल एक जैकेट रखना काफी नहीं है। अपने बैग में थर्मल कपड़े, स्वेटर और गर्म जैकेट जरूर रखें। कोशिश करें कि ऐसे कपड़े साथ हों, जिन्हें जरूरत के हिसाब से एक के ऊपर एक पहना जा सके। इससे मौसम के अनुसार कपड़े कम या ज्यादा करना आसान रहेगा।
इसके अलावा ऊनी मोजे, टोपी, मफलर और दस्ताने भी जरूर रखें, अगर आप बर्फीले इलाके या पहाड़ों पर जा रहे हैं, तो वाटरप्रूफ जैकेट और दस्ताने रखना फायदेमंद होगा। जूतों का चुनाव भी सोच-समझकर करें। ऐसे जूते पहनें जो आरामदायक हों और जिनकी पकड़ अच्छी हो। यात्रा से ठीक पहले नए जूते पहनने से बचें, क्योंकि इससे पैरों में छाले पड़ सकते हैं।
दवाइयों और जरूरी सामान को रखें साथ
यात्रा के दौरान अचानक तबीयत खराब होने पर परेशानी हो सकती है। इसलिए अपने बैग में रोजाना ली जाने वाली दवाइयां जरूर रखें। इसके साथ ही सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए डॉक्टर की सलाह से जरूरी दवाइयां भी रख सकते हैं।
मोबाइल फोन बंद होने या उसकी बैटरी खत्म होने से बचने के लिए चार्जर और पावर बैंक साथ रखें। रात में या अंधेरे रास्तों पर टॉर्च भी काम आ सकती है। इसके अलावा यात्रा के टिकट, पहचान पत्र और होटल बुकिंग से जुड़े जरूरी कागजात अपने पास रखें। इन सभी दस्तावेजों की फोटो मोबाइल में सेव कर लें और संभव हो तो उनकी कुछ फोटोकॉपी भी साथ रखें।
ये भी पढ़ें- सर्दियों में रजाई ओढ़कर पंखा चलाने की आदत के पीछे है खास वजह, जानिए क्या कहता है विज्ञान!
सफर पर जाने से पहले मौसम की लें जानकारी
सर्दियों में कहीं घूमने जाने से पहले उस जगह के मौसम का हाल जरूर जान लें। खासकर सुबह और रात के समय कोहरा ज्यादा हो सकता है, जिससे सड़क पर दिखाई देना मुश्किल हो जाता है। मौसम की जानकारी होने से आप उसी के हिसाब से अपनी यात्रा की तैयारी कर सकेंगे।
अगर आप अपनी कार से सफर करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले गाड़ी की अच्छी तरह जांच कर लें। कार की बैटरी, हेडलाइट, टायर और वाइपर सही हालत में होने चाहिए। कोहरे के दौरान गाड़ी धीरे चलाएं और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें। अगर सड़क पर कुछ साफ दिखाई नहीं दे रहा है, तो जल्दबाजी करने के बजाय किसी सुरक्षित जगह पर गाड़ी रोक दें।
सर्दियों में घूमने का मजा तभी पूरा होता है, जब सफर सुरक्षित और आरामदायक हो। इसलिए घर से निकलने से पहले जरूरी सामान पैक करें और मौसम व रास्ते की जानकारी जरूर लें। थोड़ी सी सावधानी आपकी यात्रा को यादगार बना सकती है।