नई दिल्ली: भारत की पहली बुलेट ट्रेन का सपना अब धीरे-धीरे हकीकत में बदलता नजर आ रहा है। देश में हाईस्पीड रेल सेवा की शुरुआत की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में मई 2027 से बुलेट ट्रेन का ट्रायल शुरू होने की उम्मीद है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान यह जानकारी दी।
रेल मंत्री के मुताबिक, इस 50 किलोमीटर लंबे सेक्शन में इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है। वहीं, सिग्नलिंग से जुड़े काम को जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस सेक्शन के एलिवेटेड हिस्से में ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम को 20 नवंबर को दोनों ट्रैक पर ऊर्जीकृत भी कर दिया गया है।
चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी बुलेट ट्रेन सेवा
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को एक साथ शुरू करने के बजाय अलग-अलग चरणों में चालू किया जाएगा। प्रस्तावित समयसीमा के अनुसार, अहमदाबाद-वापी सेक्शन को 2027 के अंत तक पूरा करने की उम्मीद है। वहीं, बुलेट ट्रेन सेवा को 2029 तक ठाणे पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
शुरुआती ट्रायल के लिए B-28 ट्रेन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसे 280 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने के लिए तैयार किया गया है। ऐसे में ट्रायल के दौरान ट्रेन की गति के साथ-साथ सुरक्षा और तकनीकी मानकों की भी जांच की जाएगी।
दो गुना दबाव में हुआ ट्रेन का टेस्ट
रेल मंत्री ने बताया कि 240 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चलने वाली ट्रेनों के लिए विशेष इंजीनियरिंग की जरूरत होती है। तेज गति के दौरान पैदा होने वाले दबाव का असर ट्रेन और उसके आसपास के इंफ्रास्ट्रक्चर पर पड़ता है। इसलिए इनके डिजाइन में इन सभी तकनीकी पहलुओं का ध्यान रखना जरूरी होता है।
उन्होंने बताया कि B-28 ट्रेन का 'स्क्वीज टेस्ट' सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इस परीक्षण में ट्रेन को वास्तविक परिचालन के दौरान अनुमानित वायुमंडलीय दबाव से दोगुने दबाव के संपर्क में रखा गया। इसका मकसद यह जांचना था कि तेज रफ्तार में पैदा होने वाले दबाव को ट्रेन कितनी मजबूती से झेल सकती है।
महाराष्ट्र में निर्माण कार्य की प्रगति से रेल मंत्री संतुष्ट
अश्विनी वैष्णव ने महाराष्ट्र में चल रहे निर्माण कार्यों पर भी संतोष जताया। उन्होंने खास तौर पर समुद्र के नीचे बन रही सुरंग के काम का जिक्र करते हुए कहा कि इन हिस्सों में प्रगति उत्साहजनक है।
मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना है। इसके पूरा होने के बाद देश के दो बड़े शहरों के बीच तेज रफ्तार रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की योजना है। फिलहाल परियोजना के अलग-अलग हिस्सों में निर्माण और तकनीकी तैयारियां जारी हैं।
और पढें: अखिलेश यादव का फेसबुक पेज दूसरी बार सस्पेंड, Meta ने नहीं बताई वजह