Dev Deepawali 2026: वाराणसी में इस वर्ष 24 नवंबर 2026 को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा। देव दीपावली से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों संग बैठक की है। जिसमें देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीपों से काशी के घाटों को जगमगाने का निर्देश दिया गया है। 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर देव दीपावली मनाई जाएगी।

जानिए क्या कुछ होंगी खास तैयारियां

गंगा में पहली बार 'टू-वे लेन सिस्टम' से चलेंगी नावें, 10 जोन और 21 सेक्टरों में बंटेगा सुरक्षा घेरा। 24 नवंबर की शाम चेत सिंह घाट पर लेजर शो, दशाश्वमेध पर महाआरती और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रबंध किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए 27 वॉच टावर और ड्रोन से निगहबानी, ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस गश्त करेगी।

शहर को जाम से बचाने के लिए 7 बाहरी डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल तय, प्रमुख मार्गों पर ऑटो व ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह से बंद किया जाएगा। पूरे शहर में 20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, आपात स्थिति के लिए14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा।

काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। देश-दुनिया से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पिछले वर्षों के अनुभवों और सामने आई समस्याओं को ध्यान में रखकर इस बार बेहतर इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी को परेशानी न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और तय समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।

100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप होंगे प्रज्वलित

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर आयोजित होगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्या होगी। मुख्यमंत्री ने इसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस बार सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसमें महिला स्वावलंबन के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दीपक भी शामिल किए गए हैं। दीप प्रज्वलन की व्यवस्था के लिए पूरे घाट क्षेत्र और रेतीले तट को सेक्टरों में बांटकर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

गुरु नानक जयंती को लेकर भी होंगी खास तैयारी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि देव दीपावली का उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि समूची काशी में इसका प्रभाव दिखाई दे। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव के विशेष प्रबंध किए जाएं। 24 नवंबर को ही गुरु नानक जयंती होने के कारण गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत की व्यवस्थाएं भी समय से पूरी रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नाविकों से संवाद कर उनका सुरक्षा और सुव्यवस्था की दृष्टि से प्रशिक्षण कराने की जरूरत पर बल दिया।

काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी

अधिकारियों ने मुख्य कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 24 नवंबर की शाम सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित होंगे और दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को अंतिम रूप देते समय आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए।

11 लाख से अधिक दीपों से रोशन होंगे पवित्र गंगा के घाट

इस बार मां गंगा के घाटों पर 11लाख दीपों को जलाने का लक्ष्य रखा गया है। पवित्र गंगा के 84 पक्के घाटों, सामने रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएंगे, जिनमें करीब 1 लाख गाय के गोबर से बने पर्यावरण-अनुकूल दीये भी शामिल हैं। गंगा महोत्सव: देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक 'नमो घाट' पर गंगा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें चार दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

विशेष आकर्षण

• दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती।
• चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो।
• दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो।
• काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी।
• सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं: प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे शहर को 10 जोन और 21 सेक्टरों में बांटा गया है, साथ ही ट्रैफिक नियंत्रण के लिए डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
. इसके अलावा 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर गुरुद्वारों में लंगर और कीर्तन के भी खास इंतजाम किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: मौसम का बदलेगा मिजाज! IMD ने जारी किया कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट! जानिए दिल्ली-NCR के हालात