Gorakhpur Township: गोरखपुर के खोराबार टाउनशिप में अपना घर मिलने का इंतजार कर रहे आवंटियों के लिए अच्छी खबर है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) ने ईडब्ल्यूएस, एलआईजी और मिनी एमआईजी श्रेणी के करीब 1600 फ्लैट तैयार कर लिए हैं। हालांकि, दीपावली पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों आवंटियों को चाबी सौंपने की योजना फिलहाल टल गई है। अब अगले महीने सभी करीब 2000 फ्लैटों का निर्माण पूरा कर एक साथ कब्जा देने की तैयारी है।
1600 फ्लैट तैयार, बाकी 400 में चल रहा फिनिशिंग का काम
खोराबार टाउनशिप में करीब 2000 फ्लैट और 312 आवासीय भूखंड विकसित किए जा रहे हैं। इनमें अधिकांश फ्लैट का निर्माण पूरा हो चुका है। बाकी बचे करीब 400 फ्लैटों में फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
पहले दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों आवंटियों को फ्लैट की चाबी सौंपने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए भव्य समारोह आयोजित करने की तैयारी थी, लेकिन मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित नहीं हो सका। ऐसे में अब अगले महीने कब्जा देने की संभावना है।
किस श्रेणी के कितने फ्लैट हुए तैयार?
खोराबार टाउनशिप में अलग-अलग श्रेणियों के फ्लैट बनाए जा रहे हैं। इनमें मिनी एमआईजी, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस के आवास शामिल हैं।
मिनी एमआईजी: दो ब्लॉक में 420 फ्लैट
एलआईजी: दो ब्लॉक में 480 फ्लैट
ईडब्ल्यूएस: सात ब्लॉक में 560 फ्लैट
एमआईजी: 308 फ्लैट निर्माण के अंतिम चरण में
जीडीए की ओर से आवंटियों से संपर्क कर बकाया धनराशि जमा करने की अपील भी की जा रही है, ताकि कब्जा देने की प्रक्रिया में देरी न हो।
सभी आवंटियों को एक साथ मिलेगा कब्जा
जीडीए ने अब सभी आवंटियों को एक साथ फ्लैट का कब्जा देने की योजना बनाई है। इसके तहत पहले से तैयार 1600 फ्लैटों के साथ बाकी बचे करीब 400 फ्लैटों का निर्माण और फिनिशिंग कार्य भी पूरा कराया जाएगा।
जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, बचे हुए फ्लैट भी लगभग तैयार हैं। उनमें फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसे जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सभी आवंटियों को एक साथ उनके घरों का कब्जा दिया जा सके।
और पढ़ें: रेलवे का बड़ा ऐलान, देश के 7 प्रमुख रूट होंगे फोर-लेन; 1000 से ज्यादा नई ट्रेनें चलाने की तैयारी