Ghazipur Ballia Greenfield Expressway: पूर्वांचल और बिहार के बीच सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। गाजीपुर से बलिया होते हुए बिहार की सीमा तक बन रहा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे है। करीब 134.30 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से बलिया, गाजीपुर और आसपास के जिलों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इस परियोजना पर करीब 5320 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

चार चरणों में हो रहा निर्माण, एक फेज पर शुरू हुआ आवागमन
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण चार चरणों में किया जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अनुसार, पहले चरण में हृदयपुर से शाहपुर तक 42.50 किलोमीटर सड़क पर वाहनों का आवागमन शुरू हो चुका है।

वहीं, दूसरे चरण में शाहपुर से पिंडारी तक 35.65 किलोमीटर सड़क को नवंबर के अंत तक चालू करने की तैयारी है। तीसरे और चौथे चरण का काम भी तेजी से कराया जा रहा है।

परियोजना के तहत पिंडारी से बैरिया होते हुए रिविलगंज बाईपास तक 38.37 किलोमीटर सड़क और 17.27 किलोमीटर लंबे बक्सर स्पर को जनवरी 2027 तक चालू करने का लक्ष्य है।

184 गांवों को मिलेगा सीधा फायदा
यह एक्सप्रेस-वे गाजीपुर से बलिया तक कुल 184 गांवों से होकर गुजर रहा है। इसमें गाजीपुर के 86, बलिया के 82 और बैरिया क्षेत्र के 16 गांव शामिल हैं। इसके चालू होने से इन इलाकों के लोगों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। साथ ही व्यापार, परिवहन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बलिया से दिल्ली जाना होगा आसान
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के पूरी तरह चालू होने के बाद बलिया से दिल्ली तक का सफर भी पहले से ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा। इसके जरिए गाजीपुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर करीब 340 किलोमीटर की दूरी तय कर लखनऊ पहुंचा जा सकेगा।

इसके बाद लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के करीब 300 किलोमीटर लंबे मार्ग से आगरा और फिर यमुना एक्सप्रेस-वे के लगभग 180 किलोमीटर रास्ते से नोएडा पहुंचना आसान होगा।

इस तरह पूर्वांचल के लोगों को प्रदेश के प्रमुख एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

जनवरी 2027 तक सभी चरण चालू करने का लक्ष्य
एनएचएआई आजमगढ़ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पीयूष अग्रवाल के मुताबिक, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का एक फेज चालू हो चुका है, जबकि दूसरे फेज का काम भी पूरा हो गया है। जनवरी से तीसरे और चौथे फेज को भी पूरी तरह चालू करने की तैयारी है। सभी स्थानों पर निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।