भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के शहरी विकास को गति देने के लिए 593 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं पर कुल 323 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ये परियोजनाएं राज्य के 62 शहरी क्षेत्रों में शुरू की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और शहरों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना है। इन परियोजनाओं से शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

भारत की जड़ें संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं में है

दरअसल, CM मोहन चरण माझी ने भुवनेश्वर में राज्य-स्तरीय लोकल सेल्फ-गवर्नमेंट डे प्रोग्राम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि लोकल सेल्फ-गवर्नमेंट की जड़ें भारत की संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं में गहरी हैं। ओडिशा का शहरी इलाका बढ़ रहा है, अर्बन लोकल बॉडीज़ (ULBs) की संख्या 115 से बढ़कर 143 हो गई है। उन्होंने कहा कि 2036 तक ओडिशा की लगभग 40% आबादी के शहरी इलाकों में रहने की उम्मीद है और 2047 तक लगभग 60% हो जाएगी।

593 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

CM मोहन चरण ने कहा कि 'विकसित भारत' के विज़न के लिए 'समृद्ध ओडिशा' की ज़रूरत है, जो बदले में समृद्ध, सुरक्षित, साफ़, सबको साथ लेकर चलने वाले और आर्थिक रूप से मज़बूत शहरों पर निर्भर करता है। उन्होंने बढ़ती शहरी आबादी की ज़रूरतों को केंद्र में रखते हुए भविष्य की अर्बन प्लानिंग की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। माझी ने कहा कि शहरी नियोजन में ज्ञान, अनुसंधान और क्षमता को मजबूत करने के लिए ओडिशा शहरी अकादमी एवं श्री श्री विश्वविद्यालय, सीआरयूटी व श्री श्री विश्वविद्यालय, ओडिशा शहरी अकादमी एवं इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी), और ओडिशा शहरी अकादमी एवं राष्ट्रीय शहरी मामलों के संस्थान (एनआईयूए) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना-बंधु' कार्यक्रम भी शुरू किया

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार और शहरी स्थानीय निकायों के बीच संचार को तेज और अधिक कुशल बनाने के लिए 115 यूएलबी में ओसवान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा शुरू की जा रही है। उन्होंने 'प्रधानमंत्री आवास योजना-बंधु' कार्यक्रम भी शुरू किया। इनमें से 102 करोड़ रुपये के 423 प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन हो चुका है, जबकि 221 करोड़ रुपये के 170 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया गया है।