चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में द्रविड़ विचारधारा और वैदिक रीति-रिवाजों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। DMK के महासचिव दुरईमुरुगन अपनी पोती की शादी वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाजों से कराने के कारण आलोचनाओं के घेरे में हैं। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने केवल अपनी पोती की इच्छा पूरी की थी। हालांकि, उन्होंने इस आयोजन पर अफसोस भी जताया और लोगों से मामले का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील की।
पोती की इच्छा के आगे झुकना पड़ा: दुरईमुरुगन
दुरईमुरुगन ने अपने बयान में बताया कि विदेश में पढ़ाई करने वाली उनकी पोती सेंथमरई ने उन्हें अपनी पसंद के एक दूसरे जाति के युवक से प्रेम होने की जानकारी दी थी। पोती ने यह भी इच्छा जताई थी कि उसकी शादी वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हो।
दुरईमुरुगन के मुताबिक, परिवार ने उसकी इच्छा का सम्मान करते हुए वैदिक परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि वह ऐसी स्थिति में थे, जहां उन्हें अपनी पोती की इच्छा पूरी करनी थी। साथ ही उन्होंने इस आयोजन पर खेद जताते हुए लोगों से इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाने की अपील की।
वैदिक मंत्रोच्चार पर क्यों हो रहा है विवाद?
दरअसल, DMK की विचारधारा में तर्कवाद, सामाजिक समानता और आत्मसम्मान को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। पार्टी और उससे जुड़ा द्रविड़ आंदोलन लंबे समय से वैदिक कर्मकांड, संस्कृत मंत्रों और जाति आधारित सामाजिक परंपराओं की आलोचना करता रहा है।
पार्टी की विचारधारा पेरियार ईवी रामासामी के आत्मसम्मान आंदोलन से जुड़ी है। इस आंदोलन ने आत्मसम्मान विवाह (Self-Respect Marriage) को बढ़ावा दिया, जिसमें धार्मिक कर्मकांड और ब्राह्मण पुरोहितों की अनिवार्यता को अस्वीकार किया जाता है। ऐसे में DMK के महासचिव के परिवार में वैदिक मंत्रों के साथ शादी होने से राजनीतिक और वैचारिक बहस शुरू हो गई है।
के. वीरमणि ने उठाए सवाल
द्रविड़र कड़गम के अध्यक्ष के. वीरमणि ने इस शादी में वैदिक मंत्रोच्चार को लेकर दुरईमुरुगन की आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह कदम DMK और द्रविड़ आंदोलन के मूल सिद्धांतों से अलग हटने का संकेत है। वहीं, TVK नेता और वित्त मंत्री मैरी विल्सन ने भी इस मामले को लेकर DMK पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
1 नवंबर को चेन्नई में हुई थी शादी
दुरईमुरुगन की पोती सेंथमरई और फिल्म निर्माता कन्नन रवि के बेटे दीपक रवि की शादी 1 नवंबर को चेन्नई में हुई थी। इस समारोह में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK नेता एमके स्टालिन के अलावा अभिनेता धनुष और शिवकार्तिकेयन समेत फिल्म जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थीं।
अब इस शादी में अपनाई गई वैदिक परंपराओं को लेकर DMK के भीतर और द्रविड़ राजनीति में बहस तेज हो गई है। दुरईमुरुगन ने जहां इसे पारिवारिक फैसला बताया है, वहीं आलोचक इसे पार्टी की घोषित वैचारिक सोच से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी के घर पर आधी रात को हमले का आरोप, ममता ने BJP को घेरा; कोलकाता में TMC का प्रदर्शन