Dinesh Arya Political Profile: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार, 4 अक्टूबर को उनके नाम को मंजूरी दी। उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है।
दिनेश आर्य लंबे समय से BJP संगठन से जुड़े रहे हैं। वह नैनीताल क्षेत्र से आते हैं और वर्तमान में उत्तराखंड सरकार में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं। यह पद राज्य मंत्री के दर्जे वाला है।
ABVP से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
दिनेश आर्य का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। उन्होंने 1985 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता के तौर पर नैनीताल में सदस्यता ली थी। इसके बाद 1986 में उन्हें ABVP का नैनीताल जिला संयोजक बनाया गया और 1988 तक उन्होंने इस जिम्मेदारी को संभाला।इसके बाद उनका जुड़ाव BJP संगठन से हुआ। 1988 से 1991 के बीच उन्होंने नैनीताल जिला युवा मोर्चा में मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद अनुसूचित मोर्चा और युवा मोर्चा में भी उन्हें अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिलीं।
BJP संगठन में निभाईं कई जिम्मेदारियां
दिनेश आर्य ने धीरे-धीरे संगठन में अपनी भूमिका बढ़ाई। 1992 से 1995 तक वह नैनीताल जिला अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष रहे। इसके बाद 1996 से 1998 तक प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष और 2001 से 2002 तक प्रदेश अनुसूचित मोर्चा के महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली।वह प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भी रहे। इसके बाद 2007 से 2010 तक BJP नैनीताल के जिला अध्यक्ष के रूप में काम किया।
राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठन में काम
दिनेश आर्य की संगठनात्मक जिम्मेदारियां सिर्फ उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहीं। 2017 से 2021 के बीच वह BJP अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव रहे। इस दौरान उन्हें पंजाब का प्रभारी भी बनाया गया था।2021 में उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद 2023 से वह उत्तराखंड सरकार की राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष के पद पर हैं।
विधानसभा चुनाव लड़ने की भी थी तैयारी
दिनेश आर्य का नाम इससे पहले नैनीताल विधानसभा सीट को लेकर भी चर्चा में रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से BJP टिकट के लिए दावेदारी की थी।अब BJP ने उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाकर एक नई जिम्मेदारी के लिए आगे किया है। उत्तराखंड में यह चुनाव मौजूदा राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने के कारण हो रहा है। उनका कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा उत्तराखंड में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 हेतु श्री दिनेश आर्य जी के नाम पर अपनी स्वीकृति प्रदान की गई है। https://t.co/eyorYTdnlC
— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) October 4, 2026
16 अक्टूबर को होगा राज्यसभा चुनाव
उत्तराखंड समेत उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की कुल 12 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। उत्तराखंड की एक सीट के लिए भी इसी दिन मतदान और मतगणना होगी।दिनेश आर्य को उम्मीदवार बनाए जाने के साथ ही उत्तराखंड की इस सीट को लेकर BJP का चेहरा सामने आ गया है। अब चुनावी प्रक्रिया के अगले चरण में नामांकन और अन्य औपचारिकताएं पूरी होंगी।