छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर स्थित सिजई धाम में 75 गरीब कन्याओं का निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। परमानंद जी महाराज साहब के आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के जरूरतमंद परिवारों के 75 जोड़ों ने विवाह कर नए जीवन की शुरुआत की। समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए और नवदंपतियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वह अपना विदेश दौरा रद्द कर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में केवल सरकारी छुट्टी देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार को भी समाज के साथ इन आयोजनों में सहभागी बनना चाहिए।
सीएम ने कहा कि जब समाज त्योहारों और परंपराओं में शामिल होता है, तो सरकार को भी इसमें शामिल होने का अवसर तलाशना चाहिए। उन्होंने गोवर्धन पूजा और जन्माष्टमी जैसे पर्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर त्योहार के पीछे कोई न कोई संदेश और सामाजिक महत्व छिपा होता है।
यह भी पढ़ें: अररिया हादसे में 6 युवकों की मौत, प्रत्येक परिवार को 25 लाख मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग
कुलपति की जगह कुलगुरु नाम देने का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश की सांस्कृतिक और गौरवशाली परंपराओं का उल्लेख करते हुए विश्वविद्यालयों में कुलपति के पदनाम को कुलगुरु किए जाने के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने तीन साल पहले यह निर्णय लिया था कि विश्वविद्यालयों के प्रमुख को कुलपति के बजाय कुलगुरु कहा जाएगा, ताकि भारतीय परंपरा और संस्कृति से जुड़े गौरवशाली शब्दों को सम्मान दिया जा सके।
यह भी पढ़ें: झांसी में SSP के दरबार पहुंचीं महिलाएं, पुलिस पर हफ्ता वसूली और संरक्षण के आरोप; पुलिस ने कबूतरा डेरे पर मारा छापा
संतों की मौजूदगी में संपन्न हुआ सामूहिक विवाह
कार्यक्रम में साध्वी ऋतंभरा सहित कई संत-महात्मा और धार्मिक हस्तियां मौजूद रहीं। ज्योतिर्मयानंद महाराज साहब समेत अन्य संतों ने भी समारोह में सहभागिता की। सिजई धाम स्थित परमानंद जी महाराज साहब के आश्रम में गौशाला और जनकल्याण से जुड़े कई प्रकल्प संचालित किए जाते हैं। आश्रम की ओर से आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया। इस आयोजन के माध्यम से 75 जोड़ों को विवाह के बंधन में बांधकर सामाजिक समरसता और सेवा का संदेश दिया गया।
रिपोर्टर: भरत यादव | छतरपुर, मध्य प्रदेश
यह भी पढ़ें: उज्जैन में रेलवे की जमीन से हटाईं आधा दर्जन मजारें, 6 JCB से चला बुलडोजर; 15 हजार वर्गफीट जमीन मुक्त