बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रस्तावित लॉटरी सिस्टम को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना राज्य के युवाओं और आम लोगों को नुकसान पहुंचाएगी।

राहुल गांधी का "फटाफट मॉडल" 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को राहुल गांधी ने "फटाफट मॉडल" दिया है, जिसके जरिए राज्य के लोगों का पैसा खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस और बीजेपी दोनों सरकारों ने युवाओं को जुए की लत से बचाने के लिए लॉटरी पर रोक लगाई थी।

बीजेपी नेता ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान 5 लाख सरकारी नौकरियां देने और महिलाओं के खातों में 1500 रुपये जमा करने का वादा किया गया था, लेकिन ये वादे पूरे नहीं हुए।

हिमाचल की आर्थिक स्थिति पर सवाल  

ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि राज्य पर 1.10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है और देश में प्रति व्यक्ति कर्ज के मामले में हिमाचल सबसे ऊपर है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से लॉटरी सिस्टम का प्रस्ताव वापस लेने की मांग की। ठाकुर ने चेतावनी दी कि अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो बीजेपी और राज्य के युवा इसके खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।

यह भी पढ़ें:  Namo Bharat Update: राखी पर घर जाना होगा आसान, नमो भारत ने बढ़ाई सर्विस, हर 8 मिनट में मिलेगी ट्रेन; जानिए नया टाइमिंग प्लान 

दरअसल, हिमाचल प्रदेश सरकार ने ऑनलाइन और ऑफलाइन लॉटरी सिस्टम के लिए एकमात्र बिक्री एजेंट नियुक्त करने के लिए टेंडर जारी किया है। बीजेपी इस फैसले का विरोध कर रही है और इसे सामाजिक नुकसान से जोड़ रही है।